सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट टली, अब 15 मई को रिलीज की अटकलें तेज, मेकर्स जल्द करेंगे आधिकारिक घोषणा।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ की रिलीज डेट को लेकर एक बार फिर सस्पेंस गहरा गया है। पहले यह फिल्म 17 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसके टलने के बाद नई संभावित तारीख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म के मेकर्स अब 15 मई को नई रिलीज डेट के तौर पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि फिल्म में कुछ अतिरिक्त शूटिंग की जरूरत थी, जिसके चलते इसकी रिलीज को आगे बढ़ाना पड़ा। अब एडिशनल शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और फिल्म जल्द तैयार हो सकती है।
इस फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है। ‘मातृभूमि’ एक वॉर-एक्शन ड्रामा है, जिसमें सलमान खान न केवल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, बल्कि वह इस फिल्म के प्रोड्यूसर भी हैं। उनके साथ फिल्म में चित्रांगदा सिंह अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी।
also read : सोहना अनाज मंडी में मंत्री राजेश नागर का निरीक्षण: किसानों के लिए बेहतर सुविधाएं और पारदर्शी खरीद व्यवस्था पर जोर
सूत्रों के मुताबिक, मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए जुलाई से अक्टूबर के बीच की तारीखों पर भी विचार किया था, लेकिन उस दौरान कई बड़ी फिल्मों के स्लॉट पहले से ही बुक हैं। यहां तक कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज का प्लान भी बनाया गया था, लेकिन उस समय आमिर खान द्वारा प्रोड्यूस की जा रही फिल्म ‘लाहौर 1947’ की रिलीज तय होने के कारण यह संभव नहीं हो सका।
फिलहाल फिल्म की टीम 15 मई की तारीख को फाइनल करने पर विचार कर रही है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। उम्मीद की जा रही है कि सलमान खान और फिल्म से जुड़े अन्य स्टेकहोल्डर्स जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लेंगे।
अब फैंस की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या ‘मातृभूमि’ 15 मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी या फिर रिलीज डेट में एक बार फिर बदलाव देखने को मिलेगा।

