रणबीर कपूर ने फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार के लिए रामानंद सागर का शो देखकर तैयारी की, दिवाली 2026 पर रिलीज होगी फिल्म।
बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर अपनी आने वाली मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ को लेकर लगातार चर्चा में हैं। इस फिल्म में वह भगवान राम का किरदार निभा रहे हैं, जिसके लिए उन्होंने खास तैयारी की है।
हाल ही में अमेरिका में आयोजित एक इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने खुलासा किया कि उन्होंने इस रोल के लिए रामायण (रामानंद सागर का प्रसिद्ध टीवी शो) देखा। इस शो में अरुण गोविल द्वारा निभाया गया भगवान राम का किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है।
रणबीर ने कहा कि उन्होंने इस किरदार को समझने और उसकी गहराई को महसूस करने के लिए इस क्लासिक सीरियल से प्रेरणा ली। उन्होंने यह भी कहा कि उनके लिए यह भूमिका सिर्फ एक एक्टिंग नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है, जिसे वह पूरी ईमानदारी से निभाना चाहते हैं।
इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं नमित मल्होत्रा। फिल्म को दो भागों में रिलीज किया जाएगा—पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में आएगा।
also read : दिल्ली हाईकोर्ट की सख्ती: बिना सत्यापन आरोप शेयर करने पर ऋचा चड्ढा को फटकार, डिजिटल ट्रायल पर उठे सवाल
फिल्म में रणबीर कपूर के साथ साई पल्लवी सीता के किरदार में नजर आएंगी, जबकि यश रावण की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा सनी देओल, लारा दत्ता, काजल अग्रवाल और राघव जुयाल जैसे कई बड़े सितारे भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं।
बताया जा रहा है कि ‘रामायण’ को लगभग ₹4000 करोड़ के विशाल बजट में तैयार किया जा रहा है, जो इसे भारत की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बना सकता है। फिल्म को भव्य स्तर पर तैयार किया जा रहा है, ताकि दर्शकों को एक विजुअल और भावनात्मक रूप से शानदार अनुभव मिल सके।
वहीं, फैंस के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि फिल्म का टीजर 2 अप्रैल को हनुमान जयंती के अवसर पर रिलीज किया जा सकता है। ऐसे में दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ती जा रही है और सभी को इस भव्य फिल्म के पहले झलक का बेसब्री से इंतजार है।

