लिलावती अस्पताल में भर्ती सलीम खान की हालत स्थिर है, इसी बीच शाहरुख खान का पुराना इंटरव्यू वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने अपने करियर का श्रेय सलीम खान को दिया था।
दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान की तबीयत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। 90 वर्षीय सलीम खान मुंबई के लिलावती अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है। 17 फरवरी को उन्हें हल्का सा ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके बाद डॉक्टरों ने एक छोटा सा प्रोसीजर किया। फिलहाल उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और रिकवरी सही दिशा में बढ़ रही है।
सलीम खान का इलाज कर रहे डॉ. जलील डी. पारकर ने मीडिया को बताया कि ब्रेन हैमरेज बहुत मामूली था और जरूरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। उन्होंने कहा कि उम्र को देखते हुए रिकवरी में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन कुल मिलाकर सलीम खान की स्थिति संतोषजनक है और उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया जाएगा।
इसी बीच, सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर के साथ ही शाहरुख खान का एक पुराना इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू में शाहरुख ने अपने करियर की सफलता का श्रेय सलीम खान और उनके परिवार को दिया था।
2018 में दिए गए एक इंटरव्यू में शाहरुख खान ने कहा था, “मैं आज जो शाहरुख खान हूं, वो सलीम खान की वजह से हूं।” उन्होंने याद किया कि जब वह एक संघर्षरत अभिनेता के तौर पर मुंबई आए थे, तब खान परिवार ने उन्हें अपनापन दिया। शाहरुख ने बताया था कि शुरुआती दिनों में वह अक्सर सलमान खान के घर खाना खाते थे और सलीम खान ने उन्हें काफी सपोर्ट किया था।
बॉलीवुड में सलीम खान की दरियादिली और मेहमाननवाज़ी के किस्से मशहूर रहे हैं। अभिनेता सूरज पंचोली भी पहले बता चुके हैं कि गैलेक्सी अपार्टमेंट में स्थित खान परिवार का घर हर किसी के लिए खुला रहता था, जहां कोई भी बेझिझक आ-जा सकता था।
also read : AI Summit 2026 विवाद: गलगोटिया यूनिवर्सिटी का ‘Orion’ नहीं, चीन का Unitree Go2 है यह रोबोटिक डॉग; जानें कीमत और फीचर्स
सलीम खान की तबीयत बिगड़ने की खबर के बाद पूरा खान परिवार लिलावती अस्पताल में उनके साथ मौजूद है। उनकी पत्नी सलमा खान और हेलेन, साथ ही बेटे सलमान खान को भी अस्पताल में उनसे मिलने जाते हुए देखा गया। शुरुआती रिपोर्ट्स में बताया गया था कि अचानक ब्लड प्रेशर बढ़ने की वजह से उन्हें चक्कर आए थे, जिसके चलते ब्रेन में हल्का ब्लीड हुआ। हालांकि डॉक्टरों ने अब साफ कर दिया है कि स्थिति नियंत्रण में है और रिकवरी अच्छी चल रही है।
इस मुश्किल वक्त में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं। वहीं, शाहरुख खान का भावुक बयान एक बार फिर यह याद दिला रहा है कि सलीम खान ने न सिर्फ शानदार कहानियां दीं, बल्कि कई कलाकारों के करियर को भी सहारा दिया।

