हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
हरियाणा सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और इसे लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मिडिल ईस्ट में उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण एलपीजी आपूर्ति बाधित होने की अफवाहों की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू, महानिदेशक अंशज सिंह और विभिन्न ऑयल कंपनियों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा 9 मार्च को जारी आदेश में घरेलू एलपीजी की आपूर्ति और उसके समान वितरण को सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि वर्तमान में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य है और कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसके अलावा गैस की आपूर्ति लगातार जारी है।
also read : हरियाणा–कनाडा सहयोग को मिलेगा नया आयाम, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने AI, स्टार्टअप और शिक्षा में साझेदारी पर की चर्चा
हालांकि कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी बाधा देखी जा रही है, लेकिन प्राथमिकता के आधार पर शिक्षण संस्थानों और अस्पतालों को गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
कालाबाजारी रोकने के लिए निर्देश
राज्य सरकार ने घरेलू एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की चोरी या कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
सरकार ने आम जनता से अपील की है कि एलपीजी आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट या गैस का अतिरिक्त भंडारण करने से बचें।
सरकार ने कहा कि राज्य में आवश्यक पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है और लोगों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

