मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर AI, स्टार्टअप, शिक्षा और कृषि तकनीक के क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा और कनाडा नवाचार, प्रौद्योगिकी और कौशल विकास के क्षेत्रों में मजबूत साझेदारी स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञान और तकनीक आधारित सहयोग भविष्य की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर इंडो-कनाडा चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास्तव के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
एआई और स्मार्ट गवर्नेंस में सहयोग की संभावना
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार प्रशासन को अधिक पारदर्शी, कुशल और नागरिक-केंद्रित बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डिजिटल तकनीकों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि कनाडा इस क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अग्रणी देशों में से एक है और एआई आधारित समाधान स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि और डेटा आधारित निर्णय प्रणाली में उपयोगी हो सकते हैं।
शिक्षा और कौशल विकास पर जोर
नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा के युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने कहा कि कनाडा की एप्लाइड लर्निंग, पॉलिटेक्निक शिक्षा और सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण प्रणाली अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त हैं।
उन्होंने संयुक्त डिग्री कार्यक्रम, कौशल विकास और इंडस्ट्री-इंटीग्रेटेड पाठ्यक्रमों में साझेदारी की संभावनाओं पर भी जोर दिया।
also read : पंचकूला में 13 से 15 मार्च तक वसंत उत्सव 2026, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे उद्घाटन
कृषि और एग्री-टेक में नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रिसिजन फार्मिंग, पोस्ट-हार्वेस्ट मैनेजमेंट, फूड प्रोसेसिंग और कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में सहयोग से हरियाणा के किसानों की उत्पादकता और आय दोनों में वृद्धि हो सकती है।
स्टार्टअप और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने कहा कि हरियाणा नवाचार आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कनाडा का मजबूत टेक स्टार्टअप इकोसिस्टम हरियाणा के स्टार्टअप और उद्यमियों के लिए नए अवसर खोल सकता है।
इन्क्यूबेशन सपोर्ट, अनुसंधान सहयोग, तकनीक हस्तांतरण और उद्यमिता कार्यक्रमों के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के युवाओं को लाभ मिल सकता है।
पर्यटन और वैश्विक सहयोग पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री ने पर्यटन प्रबंधन के क्षेत्र में भी सहयोग की संभावनाएं जताते हुए कहा कि कनाडा का अनुभव हरियाणा के पर्यटन क्षेत्र को मजबूत करने में सहायक हो सकता है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति भेंट की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को कनाडा आने का निमंत्रण भी दिया, ताकि भारत-कनाडा साझेदारी को और मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार की ‘गो ग्लोबल अप्रोच’ के तहत राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने और वैश्विक सहयोग को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

