गुजरात में ‘फोर्स 3’ की शूटिंग के दौरान फैन्स की भीड़ से कुछ देर के लिए काम रुका, जिसके बाद अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने क्रू से माफी मांगी।
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘फोर्स 3’ की शूटिंग के दौरान उस समय थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई जब बड़ी संख्या में फैन्स शूटिंग लोकेशन पर इकट्ठा हो गए। इस दौरान अभिनेता जॉन अब्राहम और हर्षवर्धन राणे को देखने के लिए जुटी भीड़ के कारण शूटिंग को कुछ समय के लिए रोकना पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, जैसे ही फैन्स को कलाकारों के वहां होने की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग बैरिकेड्स के बाहर जमा हो गए और जोर-जोर से चिल्लाने लगे। बढ़ते शोर और भीड़ को देखते हुए फिल्म की टीम ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शूटिंग को अस्थायी रूप से रोक दिया।
हर्षवर्धन राणे ने शांत कराया माहौल
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में अभिनेता हर्षवर्धन राणे को भीड़ के बीच शांत खड़े देखा गया। वीडियो में वह हाथ जोड़कर फैन्स से विनम्रता से शोर कम करने की अपील करते नजर आए, ताकि शूटिंग बिना रुकावट जारी रह सके।
उनके इस व्यवहार का सकारात्मक असर पड़ा और कुछ ही देर में भीड़ शांत हो गई, जिसके बाद शूटिंग दोबारा शुरू कर दी गई।
also read : करूर भगदड़ केस में अभिनेता विजय को CBI का समन, पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया
सोशल मीडिया पर मांगी माफी
घटना के बाद हर्षवर्धन राणे ने सोशल मीडिया पर इस व्यवधान को स्वीकार करते हुए फिल्म की टीम से माफी भी मांगी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शूटिंग लोकेशन का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि वह साउंड डिपार्टमेंट, डायरेक्शन टीम और लोकल प्रोडक्शन टीम से इस देरी के लिए माफी चाहते हैं।
‘फोर्स 3’ को लेकर बढ़ी उत्सुकता
‘फोर्स 3’ लोकप्रिय एक्शन फ्रेंचाइजी का तीसरा भाग है, जिसमें एक बार फिर जॉन अब्राहम मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे भी अहम भूमिका निभाते दिखेंगे, जबकि अभिनेत्री तान्या मानिकतला को लीड रोल में देखा जा सकता है।
इससे पहले इस फ्रेंचाइजी की फिल्मों में विद्युत जामवाल, जेनेलिया देशमुख, सोनाक्षी सिन्हा और ताहिर राज भसीन जैसे कलाकार नजर आ चुके हैं। फिलहाल फिल्म की शूटिंग जारी है और फैंस को इसके रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार है।

