टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन और प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने के बाद संजू सैमसन को टीम इंडिया का अगला टी20 कप्तान बनाने की चर्चा तेज हो गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय बल्लेबाज संजू सैमसन इन दिनों चर्चा में हैं। टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने और प्लेयर ऑफ द सीरीज बनने के बाद अब उन्हें टीम इंडिया का अगला टी20 कप्तान बनाने की मांग तेज हो गई है।
टीम इंडिया ने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया और इस जीत में संजू सैमसन की बल्लेबाजी ने अहम भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कई क्रिकेट विशेषज्ञ उन्हें भविष्य का कप्तान मान रहे हैं।
मोहम्मद कैफ ने बताया कप्तानी का मजबूत दावेदार
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ का मानना है कि अगर मौजूदा कप्तान सूर्यकुमार यादव किसी कारण से कप्तानी छोड़ते हैं, तो संजू सैमसन टीम की कमान संभालने के लिए एक मजबूत विकल्प हो सकते हैं।
कैफ ने कहा कि एक अच्छा कप्तान वही होता है जिसने खेल में उतार-चढ़ाव देखे हों और जो खिलाड़ियों की परिस्थितियों को समझ सके। उनके अनुसार सैमसन के पास राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी का अनुभव भी है और वह अपनी टीम को आईपीएल फाइनल तक पहुंचा चुके हैं।
also read : ‘फोर्स 3’ की शूटिंग के दौरान फैन्स की भीड़ से रुका शूट, हर्षवर्धन राणे ने क्रू से मांगी माफी
सूर्यकुमार यादव की फॉर्म पर सवाल
हालांकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 वर्ल्ड कप जीता, लेकिन बतौर बल्लेबाज उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा। पूरे टूर्नामेंट में उन्होंने 242 रन बनाए और सिर्फ एक अर्धशतक लगाया।
सेमीफाइनल और फाइनल जैसे अहम मुकाबलों में भी उनका बल्ला शांत रहा। फाइनल में तो वह गोल्डन डक पर आउट हो गए।
बीसीसीआई के फैसले पर टिकी निगाहें
सूर्यकुमार यादव फिलहाल 35 साल के हैं और 2028 टी20 वर्ल्ड कप तक उनकी उम्र करीब 37 साल हो जाएगी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट भविष्य को ध्यान में रखते हुए कप्तानी को लेकर बड़ा फैसला ले सकता है।
अब क्रिकेट फैंस की नजरें बीसीसीआई पर टिकी हैं कि क्या शानदार फॉर्म में चल रहे संजू सैमसन को टीम इंडिया की टी20 कप्तानी सौंपी जाएगी या नहीं।

