खाने के तुरंत बाद आम खाना कितना सही है? एक्सपर्ट से जानिए सही टाइमिंग, फायदे और नुकसान।
गर्मियों का मौसम आते ही बाजार में फलों के राजा आम की बहार छा जाती है। मीठे स्वाद और पोषक तत्वों से भरपूर आम हर उम्र के लोगों का पसंदीदा फल है। लेकिन इसे खाने का सही तरीका और सही समय बहुत जरूरी होता है। खासकर भारतीयों में एक आम आदत है कि वे खाना खाने के तुरंत बाद आम का सेवन करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है—क्या यह आदत सही है या सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है?
होलिस्टिक डाइटीशियन डॉ. गीतिका चोपड़ा के अनुसार, आम खाना अपने आप में नुकसानदायक नहीं है, लेकिन इसे गलत समय पर खाने से पाचन तंत्र पर असर पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि आम में नेचुरल शुगर की मात्रा अधिक होती है और यह थोड़ा भारी फल माना जाता है। ऐसे में अगर इसे खाने के तुरंत बाद खाया जाए, तो यह शरीर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है।
एक्सपर्ट के मुताबिक, भोजन के तुरंत बाद आम खाने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जो डायबिटीज या इंसुलिन रेसिस्टेंस से जूझ रहे हैं। इसके अलावा यह डाइजेस्टिव ओवरलोड का कारण भी बन सकता है, जिससे गैस, भारीपन और अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अगर आम के पोषक तत्वों की बात करें तो यह विटामिन C, विटामिन A, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स का अच्छा स्रोत है। यह इम्यूनिटी बढ़ाने, त्वचा को हेल्दी रखने और ऊर्जा देने में मदद करता है। लेकिन इसके फायदे तभी मिलते हैं जब इसे सही समय पर खाया जाए।
also read : गर्मियों में कब्ज क्यों बढ़ती है? एक्सपर्ट ने बताए आंतों की सफाई के 5 असरदार उपाय
डॉ. गीतिका चोपड़ा सलाह देती हैं कि फलों को खाने का सबसे अच्छा समय मील से 30 से 60 मिनट पहले होता है। अगर आप खाना खाने के बाद आम खाना चाहते हैं, तो कम से कम 1.5 से 2 घंटे का अंतर जरूर रखें। इसके अलावा आम को दिन के समय खाना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इस दौरान शरीर की पाचन क्रिया अधिक सक्रिय रहती है।
कुछ अन्य जरूरी सावधानियां भी ध्यान में रखनी चाहिए। आम खाने के तुरंत बाद पानी पीने से बचें, क्योंकि इससे मतली या उल्टी की समस्या हो सकती है। वहीं आम का जूस पीने के बजाय उसे काटकर खाना ज्यादा बेहतर होता है, क्योंकि इससे फाइबर की मात्रा बनी रहती है।
आयुर्वेद के अनुसार, आम और दूध को एक साथ लेना भी सही नहीं माना जाता, क्योंकि यह पाचन तंत्र पर विपरीत प्रभाव डाल सकता है। इसलिए आम का शेक पीने से बचना चाहिए।
कुल मिलाकर, आम एक बेहद पौष्टिक और स्वादिष्ट फल है, लेकिन इसे सही समय और सही तरीके से खाना जरूरी है। अगर आप इन आसान टिप्स का पालन करते हैं, तो आप बिना किसी नुकसान के आम का पूरा आनंद ले सकते हैं और अपनी सेहत भी बेहतर रख सकते हैं।

