21 मार्च को मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में हरियाणा विधानसभा और उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा युवा सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें सोनीपत के 20 कॉलेजों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनप्रतिनिधित्व और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से हरियाणा विधानसभा और उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा 21 मार्च को सोनीपत के मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DCRUST) में भव्य युवा सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम की तैयारियां तेजी से की जा रही हैं।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को हरियाणा विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों ने सोनीपत जिला प्रशासन और विश्वविद्यालय प्रशासन के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में आयोजन से जुड़े विभिन्न प्रबंधों, विद्यार्थियों की भागीदारी, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
यह सम्मेलन हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में सोनीपत जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों और लगभग 20 महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली से परिचित कराना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है।
also read : जे.सी. बोस विश्वविद्यालय फरीदाबाद में ‘सतत विकास के लिए उभरती जैव प्रौद्योगिकी’ पर राष्ट्रीय संगोष्ठी शुरू
इस अवसर पर राज्यसभा के उप-सभापति हरिवंश मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे। उनके साथ राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार यह युवा सम्मेलन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत 2047” के विजन को आगे बढ़ाने के साथ-साथ “एक राष्ट्र–एक विधायिका” की अवधारणा को समझने और युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
मंगलवार को आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक श्रीनिवासन नारायणन ने की। बैठक में दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. श्रीप्रकाश, उप-मंडल अधिकारी (एसडीएम) सुभाष चंद्र, उच्चतर शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अजीत सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विश्वविद्यालय परिसर में सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि युवाओं को एक प्रभावी और प्रेरणादायक मंच मिल सके जहां वे लोकतांत्रिक व्यवस्था और देश के भविष्य को लेकर अपने विचार साझा कर सकें।

