हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की AAP सरकार और कांग्रेस पर चुनावी रेवड़ी बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगली बार पंजाब में भाजपा सरकार बनेगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दोनों दलों की राजनीति चुनावी रेवड़ी बांटने पर आधारित रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता अब इन पार्टियों से तंग आ चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है।
मुख्यमंत्री सैनी सोमवार को चंडीगढ़ में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
‘चुनाव के समय लोकलुभावन घोषणाएं’
पंजाब सरकार द्वारा बजट में एससी वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपये और अन्य महिलाओं को 1000 रुपये देने की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह कदम आगामी चुनाव को देखते हुए उठाया गया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का इतिहास चुनाव के समय लोकलुभावन घोषणाएं करने और रेवड़ी बांटने का रहा है, लेकिन इससे जनता को वास्तविक लाभ नहीं मिलता।
दिल्ली जैसा होगा पंजाब में भी हाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा चुनाव के दौरान की गई घोषणाओं का परिणाम सबके सामने है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भी मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार का वही हाल होगा।
उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग उनसे मिलने के दौरान बताते हैं कि राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना का लाभ लोगों तक पहुंचाने में बाधा डाल रही है।
also read : हरियाणा सरकार का बड़ा कदम: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक क्लिक में भेजे 1884 करोड़ रुपये, लाखों लाभार्थियों को मिला लाभ
पंजाब दौरे में अड़ंगा डालने का आरोप
नायब सिंह सैनी ने आरोप लगाया कि हाल ही में उनके पंजाब दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में राज्य सरकार की ओर से अड़चनें डाली गईं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आते हैं तो उन्हें मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल के अनुसार पूरा सम्मान दिया जाता है।
महिला कर्मचारियों के मुद्दे पर भी घेरा
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर अपने अधिकारों की मांग कर रही महिला कर्मचारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए, जो महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत हरियाणा सरकार ने सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में महिलाओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से करोड़ों रुपये की राशि भेजकर उनका सम्मान बढ़ाया।
बुजुर्ग पेंशन पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब सरकार की बुजुर्ग पेंशन नीति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वहां आय सीमा 60 हजार रुपये निर्धारित की गई है, जिससे कई जरूरतमंद बुजुर्ग पेंशन से वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि हरियाणा में यह सीमा 3 लाख रुपये तक निर्धारित की गई है ताकि अधिक से अधिक बुजुर्गों को लाभ मिल सके।
‘मोदी के नेतृत्व में पंजाब बनेगा नंबर वन’
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि पंजाब के लोग बदलाव चाहते हैं और आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में लाने का मन बना चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पंजाब को भी विकास के मामले में नंबर वन राज्य बनाया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी और पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का सम्मान न करने की घटना की भी निंदा की।

