अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हिसार में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। आज महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।
मंत्री रणबीर गंगवा रविवार को हिसार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और उनके योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ प्रदेश की बेटियों और महिलाओं को मिल रहा है।
also read : महिला सशक्तिकरण से ही मजबूत बनेगा राष्ट्र: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बोलीं स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव
उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिलाएं ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत आधारशिला बनती हैं।
मंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना है। इससे युवाओं और विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

