अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि महिलाओं का सम्मान और सशक्तिकरण ही मजबूत समाज और राष्ट्र की आधारशिला है।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रदेश की मातृशक्ति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता ही एक मजबूत राष्ट्र की असली नींव है।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज या देश का समग्र विकास संभव नहीं है। इस दिशा में केंद्र और हरियाणा सरकार लगातार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, विज्ञान, खेल और राजनीति जैसे कई क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की प्रगति से ही समाज और राष्ट्र की उन्नति जुड़ी होती है।
also read : हरियाणा की बेटियों ने बढ़ाया प्रदेश का गौरव: लाडवा में महिला दिवस कार्यक्रम में बोलीं सुमन सैनी
उन्होंने कहा कि महिलाएं दादी, मां, बहन, पत्नी और बेटी के रूप में अपने प्रेम, त्याग और समर्पण से परिवार और समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सरकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए आरती सिंह राव ने बताया कि ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी योजनाएं महिलाओं के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुद्रा योजना और मिशन शक्ति जैसी पहलों से महिलाओं के स्वास्थ्य, सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ‘लखपति दीदी अभियान’ के तहत महिलाओं को प्रशिक्षण देकर उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजनीति में भी महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और भारतीय जनता पार्टी ने महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर समाज की हर महिला के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संकल्प लें।

