बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन ने अयोध्या में 35 करोड़ रुपये की 2.67 एकड़ जमीन खरीदकर राम मंदिर नगरी में अपना तीसरा बड़ा रियल एस्टेट निवेश किया।
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने राम मंदिर नगरी अयोध्या में एक और बड़ा निवेश करते हुए अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो का विस्तार किया है। उन्होंने यहां 2.67 एकड़ जमीन करीब 35 करोड़ रुपये में खरीदी है। इस जमीन की खरीद-फरोख्त का सौदा The House of Abhinandan Lodha (HoABL) के माध्यम से किया गया है।
कंपनी ने 6 मार्च को इस डील की पुष्टि करते हुए बताया कि यह जमीन HoABL के 75 एकड़ के विकास प्रोजेक्ट ‘The Sarayu’ के पास स्थित है। इस सौदे को AB Corp Ltd के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश यादव ने बच्चन परिवार की ओर से पूरा किया।
बताया जा रहा है कि अयोध्या में अमिताभ बच्चन का यह तीसरा निवेश है, जबकि HoABL के साथ यह उनका चौथा प्लॉटेड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट है। इससे यह साफ होता है कि अभिनेता तेजी से विकसित हो रहे इस धार्मिक और पर्यटन केंद्र में दीर्घकालिक निवेश को लेकर काफी रुचि रखते हैं।
दरअसल, राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या में तेजी से बुनियादी ढांचे का विकास हो रहा है। सड़क, एयरपोर्ट, होटल और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के कारण यह शहर निवेश के लिए एक उभरते हुए हॉटस्पॉट के रूप में सामने आया है।
also read : रूस से तेल खरीद पर 30 दिन की अमेरिकी छूट पर केंद्र की चुप्पी पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां का सवाल, बोले– भारत को किसी से अनुमति लेने की जरूरत नहीं
The House of Abhinandan Lodha के चेयरमैन अभिनंदन लोढ़ा ने इस निवेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अमिताभ बच्चन का यह कदम जमीन को एक दीर्घकालिक और पीढ़ियों तक मूल्य बनाए रखने वाली संपत्ति के रूप में देखने की सोच को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि HoABL जमीन को केवल संपत्ति नहीं बल्कि विरासत (Legacy) के रूप में देखता है। अयोध्या में यह विरासत और भी खास बन जाती है क्योंकि यहां आस्था और परंपरा दोनों का संगम है।
लोढ़ा के अनुसार, केंद्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे बड़े पैमाने पर इन्फ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक निवेश के चलते अयोध्या तेजी से एक मजबूत रियल एस्टेट और पर्यटन केंद्र के रूप में उभर रही है, जिससे यहां जमीन के दीर्घकालिक मूल्य में वृद्धि की संभावना भी बढ़ रही है।

