चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने खेलों को प्रोत्साहन देने की दिशा में एक बार फिर अपनी मजबूत प्रतिबद्धता दोहराई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को ₹6 करोड़ तक के नकद पुरस्कार प्रदान कर रही है, जो देश में खिलाड़ियों के लिए सबसे आकर्षक प्रोत्साहनों में से एक है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अब तक राज्य के 16,418 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को कुल ₹683.15 करोड़ की पुरस्कार राशि वितरित की जा चुकी है। यह कदम खिलाड़ियों के मनोबल को बढ़ाने और युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी सेवा नियम 2021’ के तहत खेल विभाग में 550 नए पद सृजित किए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में स्थायी रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं। यह नीति खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने और खेलों को करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं, आधुनिक खेल अवसंरचना और वित्तीय सहयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन प्रयासों से हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।


