हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत्त केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा अधिकारी विमल गोस्वामी को हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया, जल संरक्षण और तालाब पुनर्जीवन पर रहेगा फोकस।
हरियाणा सरकार ने केंद्रीय अभियांत्रिकी सेवा के 1989 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी विमल गोस्वामी को हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण (HPWWMA), पंचकूला का कार्यकारी उपाध्यक्ष नियुक्त किया है।
विमल गोस्वामी इससे पहले सीमा सड़क संगठन (BRO) में अपर महानिदेशक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और उन्हें प्रशासनिक तथा तकनीकी क्षेत्र में लंबा अनुभव है।
नवनियुक्त कार्यकारी उपाध्यक्ष विमल गोस्वामी ने अपनी नियुक्ति पर हरियाणा सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे राज्य में जल संरक्षण को बढ़ावा देने, तालाबों के पुनर्जीवन और अपशिष्ट जल के प्रभावी प्रबंधन के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए आधुनिक तकनीक तथा प्रभावी योजनाओं के माध्यम से ठोस कदम उठाए जाएंगे।
also read : काम के दम पर तीसरी बार सत्ता में आई भाजपा: बजट पर बोले डॉ. अरविंद शर्मा, भगवान परशुराम स्मृति स्थल की मांग
उन्होंने कहा कि हरियाणा में तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन के साथ-साथ अपशिष्ट जल के वैज्ञानिक प्रबंधन को मजबूत बनाने की दिशा में प्राधिकरण लगातार प्रयास कर रहा है। इन प्रयासों को और गति देने के लिए संबंधित विभागों और विशेषज्ञों के साथ समन्वय स्थापित कर व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने विमल गोस्वामी का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और तालाबों के पुनर्जीवन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेगा।

