हरियाणा विधानसभा में बजट प्रस्ताव के समर्थन में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार काम के दम पर तीसरी बार सत्ता में आई है और भगवान परशुराम स्मृति स्थल बनाने की मांग भी उठाई।
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने विधानसभा में बजट प्रस्ताव के समर्थन में बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार भाषणबाजी या घोषणाओं से नहीं बल्कि काम के दम पर लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि गरीब, महिला, किसान, युवा और समाज के हर वर्ग के लिए किए गए कार्यों की वजह से जनता ने भाजपा पर विश्वास जताया है।
हरियाणा विधानसभा में बजट प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए 217 संकल्पों में से अब तक 60 संकल्प पूरे कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश के लोगों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
भगवान परशुराम स्मृति स्थल की मांग
डॉ. अरविंद शर्मा ने सदन में भगवान परशुराम के नाम पर भव्य स्मृति स्थल बनाने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि यह प्रदेशवासियों की भावनाओं से जुड़ा विषय है और सरकार को इसे गंभीरता से लेना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने 25 अक्टूबर 2024 को लिए गए दोहलीदार और बूंटीदार से जुड़े फैसलों में छूटे लोगों को भी शामिल करने की मांग की।
2.23 लाख करोड़ का बजट विकास को देगा गति
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2 लाख 23 हजार करोड़ रुपये का बड़ा बजट पेश किया है, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा। बजट से पहले आयोजित प्री-बजट बैठकों के माध्यम से 12,400 सुझाव प्राप्त हुए, जिनमें से कई सुझावों को बजट में शामिल किया गया है।
also read : आयुष्मान भारत योजना पर विपक्ष के आरोप बेबुनियाद: 27 लाख लोगों का 3,862 करोड़ से इलाज, 1,100 करोड़ क्लेम का भुगतान – नायब सिंह सैनी
एआई और भविष्य की तकनीक पर जोर
डॉ. शर्मा ने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है और हरियाणा सरकार ने भी बजट में AI के लिए 474 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
किसानों, महिलाओं और युवाओं पर विशेष ध्यान
उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जो 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) दे रहा है। इसके अलावा “मेरा पानी मेरी विरासत” जैसी योजनाओं के माध्यम से किसानों को धान के विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
महिला सशक्तिकरण के लिए ड्रोन दीदी और पिंक कैब योजना जैसी पहल शुरू की गई हैं, जबकि गौवंश संरक्षण के लिए 69 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में नौकरियों और प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है और नई खेल नीति के कारण आज हर परिवार अपने बच्चों को खेलों में आगे बढ़ते देखना चाहता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

