हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए पंजाब के चार प्रमुख अस्पतालों को एम्पैनल किया, जहां कैंसर, लिवर और रीढ़ की गंभीर बीमारियों का इलाज मिलेगा।
हरियाणा सरकार ने राज्य के कर्मचारियों, पेंशनरों और उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बड़ा निर्णय लिया है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के प्रयासों से अब हरियाणा सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों को पंजाब के चार प्रमुख सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार ने पंजाब के चार प्रतिष्ठित अस्पतालों को उपचार के लिए एम्पैनल (सूचीबद्ध) किया है। इन अस्पतालों में होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, मुल्लांपुर, होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल, संगरूर, रीजनल स्पाइनल इंजरीज सेंटर, सेक्टर-70 मोहाली और पंजाब इंस्टिट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंस, सेक्टर-60 मोहाली शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन अस्पतालों में कैंसर, रीढ़ की हड्डी की गंभीर चोट और लिवर से जुड़ी जटिल बीमारियों का आधुनिक और उन्नत इलाज उपलब्ध है। इन संस्थानों को सूचीबद्ध किए जाने से मरीजों को समय पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
also read : विमल गोस्वामी बने हरियाणा तालाब एवं अपशिष्ट जल प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यकारी उपाध्यक्ष
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि कई बार गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए विशेष अस्पतालों की आवश्यकता होती है। ऐसे में इन अस्पतालों को सूचीबद्ध करने से हरियाणा के कर्मचारियों और पेंशनरों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि सरकार द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार आपात स्थिति, महामारी या सरकारी अस्पतालों में मरीजों की अधिक संख्या होने पर ये अस्पताल एंबुलेंस, आईसीयू/सीसीयू, बर्न यूनिट, वार्ड, बेड और मोर्चरी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाएंगे।
यह आदेश जारी होने की तिथि से प्रभावी हो गया है और इसकी विस्तृत जानकारी हरियाणा स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों, पेंशनरों और आम नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और भविष्य में भी इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

