तनुश्री दत्ता ने एक पॉडकास्ट में फिल्म इंडस्ट्री के डार्क साइड पर बड़ा बयान दिया, कहा कि कई नए कलाकार शोषण और झूठे वादों के जाल में फंस जाते हैं।
बॉलीवुड अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने एक बार फिर फिल्म इंडस्ट्री के डार्क साइड को लेकर बड़ा बयान दिया है। हाल ही में एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में आने वाले कई नए कलाकारों को धोखे, शोषण और झूठे वादों का सामना करना पड़ता है।
तनुश्री दत्ता के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
नए कलाकारों को झूठे सपनों में फंसाया जाता है
पॉडकास्ट में तनुश्री दत्ता ने कहा कि हर साल हजारों युवा बड़े सपनों के साथ फिल्म इंडस्ट्री में आते हैं, लेकिन कई बार उन्हें मीठी बातों और झूठे वादों के जरिए जाल में फंसा लिया जाता है।
उन्होंने कहा कि शुरुआत में नए कलाकारों की खूब तारीफ की जाती है और उन्हें कहा जाता है कि वे बहुत सुंदर या प्रतिभाशाली हैं और जल्द ही बड़े स्टार बनेंगे। लेकिन बाद में यही तारीफ कई बार एक जाल में बदल जाती है, जहां उन्हें अलग-अलग लोगों से मिलने और समझौते करने के लिए कहा जाता है।
also read : दुबई में संजय दत्त को मिला गोल्ड-प्लेटेड iPhone, पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर काशिफ जमी़र का अनोखा गिफ्ट वायरल
महत्वाकांक्षा का उठाया जाता है फायदा
तनुश्री ने इस स्थिति को समझाने के लिए एक उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि जैसे बचपन में माता-पिता सिखाते हैं कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ नहीं जाना चाहिए, वैसे ही इंडस्ट्री में भी कई लोग महत्वाकांक्षा और सपनों का फायदा उठाने की कोशिश करते हैं।
उनका कहना था कि कुछ लोग नए कलाकारों की उम्मीदों और सपनों से खेलते हैं और उन्हें गलत रास्तों की ओर धकेलने की कोशिश करते हैं।
कई कलाकार मानसिक रूप से टूट जाते हैं
तनुश्री दत्ता ने दावा किया कि इंडस्ट्री में शोषण की वजह से कई नए कलाकार मानसिक रूप से टूट जाते हैं। कुछ लोग मजबूरी में गलत रास्तों पर चले जाते हैं, जबकि कई लोग निराश होकर अपने शहर लौट जाते हैं और फिल्म इंडस्ट्री छोड़ देते हैं।
उन्होंने कहा कि इन लोगों की कहानियां अक्सर सामने नहीं आतीं क्योंकि इंडस्ट्री में ज्यादातर सफल लोगों की ही कहानियां दिखाई जाती हैं।
नए कलाकारों को सतर्क रहने की सलाह
तनुश्री दत्ता ने कहा कि उन्होंने यह बातें इसलिए साझा की हैं ताकि नए कलाकार सावधान रहें। उनका मानना है कि अगर उनकी बातों से कुछ लोगों को गलत फैसले लेने से बचाया जा सके, तो यह उनके लिए बड़ी बात होगी।
उन्होंने साफ कहा कि वह एक कलाकार हैं और किसी भी कीमत पर अपनी जिंदगी या आत्मसम्मान को बेचने के लिए तैयार नहीं हैं।

