असम के कार्बी आंगलोंग में सुखोई विमान दुर्घटना में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ का उनके पैतृक गांव ककराना में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
असम के कार्बी आंगलोंग में हुई सुखोई (SU-30MKI) विमान दुर्घटना में शहीद हुए भारतीय वायुसेना के स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ को शनिवार को उनके पैतृक गांव ककराना में पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने नम आंखों से देश के वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार प्रदेश सरकार की ओर से सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि देश के लिए दिया गया अनुज वशिष्ठ का सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
also read : बरनाला में 100 महिला उद्यमियों को सम्मान, सांसद गुरमीत सिंह मीत हेयर बोले—मन्न सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि शहीद अनुज वशिष्ठ की कमी केवल उनके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे देश को हमेशा महसूस होगी। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा करते हुए दिया गया उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करता रहेगा।
शहीद के अंतिम संस्कार में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा, विधायक शकुंतला खटक, उपमंडलाधीश आशीष कुमार सहित कई गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने देश के इस वीर जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके बलिदान को नमन किया।
गौरतलब है कि असम के कार्बी आंगलोंग क्षेत्र में हुई सुखोई विमान दुर्घटना में स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ शहीद हो गए थे। उनकी शहादत ने पूरे देश को भावुक कर दिया और लोगों ने उन्हें देश की सुरक्षा के लिए दिए गए उनके बलिदान के लिए श्रद्धांजलि दी।

