हरियाणा के पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत में गांव खुखराना के 445 पात्र परिवारों को मकान के अलॉटमेंट लेटर वितरित किए।
हरियाणा के विकास, पंचायत एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पानीपत के जिला सचिवालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में गांव खुखराना के 445 पात्र ग्रामीणों को मकान के अलॉटमेंट लेटर वितरित किए। यह कदम गांव के पुनर्स्थापन और ग्रामीणों को उनके अधिकार दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि खुखराना के ग्रामीणों ने अपने अधिकारों के लिए लंबे समय तक संघर्ष किया है और राज्य सरकार ने उनकी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें न्याय दिलाने का कार्य किया है।
उन्होंने बताया कि जिन पात्र परिवारों को अलॉटमेंट लेटर दिए गए हैं, उनकी रजिस्ट्री भी जल्द करवाई जाएगी, ताकि वे बिना किसी बाधा के अपने घरों का निर्माण कर सकें।
also read : असम सुखोई विमान हादसे में शहीद स्क्वाड्रन लीडर अनुज वशिष्ठ को पैतृक गांव ककराना में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
मंत्री पंवार ने इस पहल के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार गांवों के विकास और ग्रामीणों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अपने नए मकान बनाते समय स्वच्छता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और गांव को आदर्श गांव बनाने में सहयोग दें। मंत्री ने कहा कि सरकार गांवों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
कार्यक्रम में एडीसी डॉ. पंकज यादव, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीआरओ कनब लाकड़ा सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

