हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी में 58 करोड़ रुपये की लागत से 89 किलोमीटर लंबी स्ट्रॉम वॉटर पाइपलाइन परियोजना की जानकारी दी।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला छावनी में जल निकासी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत शहर में व्यापक स्तर पर ड्रेनेज पाइपलाइन बिछाने की योजना तैयार की गई है।
उन्होंने बताया कि अम्बाला छावनी के सदर क्षेत्र में स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज सिस्टम पहले ही सफलतापूर्वक स्थापित किया जा चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी लाभ मिला है। अब शेष क्षेत्रों में भी इसी तरह की व्यवस्था लागू की जाएगी।
पहले चरण में 58 करोड़ से 89 किलोमीटर पाइपलाइन
इस परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण के तहत करीब 58 करोड़ रुपये की लागत से 89 किलोमीटर लंबी स्ट्रॉम वॉटर पाइपलाइन बिछाने के कार्य को मंजूरी मिल चुकी है। यह जानकारी अनिल विज ने अम्बाला स्थित अपने आवास पर जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान दी।
पहले चरण में बीसी बाजार, लालकुर्ती, आउटर लार्ज रोड (बिजली बोर्ड कार्यालय से एसडी विद्या स्कूल तक), ट्रिब्यून कॉलोनी, गोविंद नगर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सुभाष कॉलोनी और कस्तूरबा कॉलोनी सहित कई अन्य क्षेत्रों में पाइपलाइन डाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि योजना पूरी तरह तैयार है और जल्द ही इस परियोजना का कार्य जमीनी स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।
also read : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सिरसा में राज्य स्तरीय समारोह, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे महिलाओं को सम्मानित
खुली नालियों से मिलेगी राहत
मंत्री ने बताया कि स्ट्रॉम वॉटर पाइपलाइन बिछने के बाद कई जगहों पर मौजूद खुली नालियों को बंद किया जाएगा। इससे जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को गंदगी तथा जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
दूसरे चरण में और क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
परियोजना के दूसरे चरण में जगाधरी रोड के दूसरी ओर स्थित क्षेत्रों में भी ड्रेनेज नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत महेशनगर से लेकर डिफेंस कॉलोनी तक की कॉलोनियों में स्ट्रॉम वॉटर पाइपलाइन बिछाई जाएगी।
अनिल विज ने बताया कि दूसरे चरण की योजना भी विभागीय स्तर पर तैयार कर ली गई है और जल्द ही इसे सरकार से मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद अम्बाला छावनी की जल निकासी व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा और शहर की सूरत बदल जाएगी।

