‘धुरंधर’ एक्ट्रेस सारा अर्जुन द्वारा यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पर तंज कसने की चर्चा के बीच उनके पिता राज अर्जुन ने सफाई दी कि वायरल पोस्ट फेक अकाउंट से किया गया था।
फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की एक्ट्रेस सारा अर्जुन को लेकर सोशल मीडिया पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब एक वायरल पोस्ट में कथित तौर पर उनकी ओर से यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: अ फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ पर तंज कसने की बात सामने आई। हालांकि इस मामले में अब सारा अर्जुन के पिता और अभिनेता राज अर्जुन ने सफाई देते हुए कहा है कि यह पोस्ट एक फर्जी अकाउंट से किया गया था।
वायरल पोस्ट से शुरू हुआ विवाद
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर “No toxicity, only Dhurandhar” शीर्षक वाला एक पोस्ट तेजी से वायरल हुआ। कई लोगों ने इसे सारा अर्जुन का पोस्ट समझ लिया और इसे यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ पर कटाक्ष माना जाने लगा।
यह पोस्ट ऐसे समय सामने आया जब सोशल मीडिया पर ‘टॉक्सिक’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ के बीच संभावित बॉक्स ऑफिस टकराव को लेकर चर्चा चल रही थी।
पिता राज अर्जुन ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद सारा अर्जुन के पिता राज अर्जुन ने इंस्टाग्राम पर बयान जारी कर कहा कि उनकी बेटी X (ट्विटर) पर मौजूद ही नहीं है और वायरल पोस्ट पूरी तरह फर्जी अकाउंट से किया गया है।
also read : सलमान खान के पिता सलीम खान की तबीयत में सुधार, जल्द मिल सकती है अस्पताल से छुट्टी
उन्होंने लिखा,
“सभी से अनुरोध है कि सारा के नाम से फैलाए जा रहे इस फर्जी पोस्ट पर विश्वास न करें। सारा ट्विटर पर नहीं है और वह कभी भी किसी अन्य फिल्म या कलाकार के खिलाफ इस तरह की बात नहीं कहेगी।”
फिल्म इंडस्ट्री को बताया एक परिवार
राज अर्जुन ने यह भी कहा कि फिल्म इंडस्ट्री उनके लिए एक बड़े परिवार की तरह है और सारा को हमेशा हर कलाकार और हर फिल्म का सम्मान करना सिखाया गया है।
उन्होंने कहा कि सारा अपने काम का प्रचार करने के लिए कभी भी किसी दूसरे कलाकार या फिल्म के खिलाफ टिप्पणी नहीं करेगी।
बॉक्स ऑफिस क्लैश की चर्चा
पहले खबर थी कि रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ और यश की ‘टॉक्सिक’ बॉक्स ऑफिस पर टकरा सकती हैं। हालांकि पश्चिम एशिया की भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट फिलहाल टाल दी गई है।
फिलहाल राज अर्जुन की सफाई के बाद यह साफ हो गया है कि वायरल पोस्ट का सारा अर्जुन से कोई संबंध नहीं है और यह केवल फेक अकाउंट की शरारत थी।

