अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध के कारण LPG आपूर्ति प्रभावित होने से IPL 2026 पर असर पड़ने की आशंका, BCCI हालात के अनुसार फैसला लेगी।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब खेल जगत पर भी पड़ता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक LPG आपूर्ति संकट के कारण IPL 2026 पर भी असर पड़ सकता है, हालांकि अंतिम फैसला परिस्थितियों को देखते हुए BCCI द्वारा लिया जाएगा।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने हाल ही में कहा था कि ईंधन आपूर्ति में बाधाओं के कारण LPG की प्राथमिकता घरेलू और आवश्यक क्षेत्रों को दी जाएगी। इस फैसले के बाद अब बड़े आयोजनों, होटल उद्योग और खेल टूर्नामेंट्स पर भी इसका प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
हालात पर नजर रख रही BCCI
आईपीएल गवर्निंग काउंसिल के अध्यक्ष अरुण धूमल ने कहा कि बोर्ड इस पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि युद्ध की स्थिति में हर दिन नए घटनाक्रम सामने आ रहे हैं, इसलिए फिलहाल किसी भी निर्णय पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा, “हम स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। अगले कुछ दिनों में हालात जैसे भी होंगे, उसी के आधार पर IPL 2026 को लेकर फैसला लिया जाएगा।”
also read : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के हीरो संजू सैमसन बन सकते हैं टीम इंडिया के अगले टी20 कप्तान
28 मार्च से होना है IPL 2026 का आगाज
IPL 2026 का आयोजन 28 मार्च से शुरू होने की संभावना है, हालांकि अभी तक पूरा शेड्यूल जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि BCCI कई राज्यों में होने वाले चुनावों से टकराव से बचने के लिए भी शेड्यूल पर काम कर रही है।
होटल उद्योग पर भी असर
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण पेट्रोलियम और LPG उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। बेंगलुरु और चेन्नई के होटल संघों ने बताया कि उनके पास सिर्फ एक-दो दिन का LPG स्टॉक बचा है। कई होटलों ने गैस बचाने के लिए अपने मेन्यू को सीमित करना शुरू कर दिया है।
लॉजिस्टिक्स भी बन सकती है चुनौती
ईंधन संकट के अलावा लॉजिस्टिक्स और उड़ान मार्गों की बाधाएं भी एक बड़ी समस्या बन सकती हैं। हाल ही में समाप्त हुए T20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान भी पश्चिम एशिया में तनाव के कारण कई टीमों को भारत से अपने देशों के लिए तुरंत उड़ान नहीं मिल पाई थी।
फिलहाल IPL फ्रेंचाइजी ने अपने-अपने शहरों में ट्रेनिंग कैंप शुरू कर दिए हैं। चेन्नई सुपर किंग्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स सहित कई टीमें तैयारी में जुट चुकी हैं।
अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में LPG संकट और वैश्विक हालात IPL 2026 के आयोजन को किस हद तक प्रभावित करते हैं और BCCI इस पर क्या अंतिम फैसला लेती है।

