टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में बुमराह की बंप बॉल को विकेट समझकर साक्षी धोनी उछल पड़ीं, जिस पर एमएस धोनी का मजेदार रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान वानखेड़े स्टेडियम में एक दिलचस्प और मजेदार पल देखने को मिला, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मैच को देखने के लिए पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी धोनी के साथ स्टेडियम पहुंचे थे।
मैच के आखिरी ओवरों में साक्षी धोनी का एक उत्साहित रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया, जिस पर खुद एमएस धोनी भी मुस्कुराए बिना नहीं रह सके।
बुमराह की बंप बॉल पर साक्षी का रिएक्शन
दरअसल इंग्लैंड की टीम 254 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। पारी के 18वें ओवर में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की गेंद पर इंग्लैंड के बल्लेबाज सैम करन ने शॉट खेलने की कोशिश की।
गेंद सीधे बुमराह की ओर गई और उन्होंने छलांग लगाकर गेंद पकड़ ली, लेकिन गेंद पहले ही जमीन को छू चुकी थी। यह बंप बॉल थी, इसलिए इसे विकेट नहीं माना गया। हालांकि स्टेडियम में मौजूद साक्षी धोनी उत्साह में इसे विकेट समझ बैठीं और खुशी से उछलने लगीं।
धोनी का मजेदार रिएक्शन
साक्षी के इस रिएक्शन को देखकर एमएस धोनी ने अपने खास शांत अंदाज में उन्हें हाथ के इशारे से समझाया कि बल्लेबाज आउट नहीं हुआ है। इस दौरान धोनी के चेहरे पर हल्की मुस्कान भी नजर आई।
also read : T20 वर्ल्ड कप 2026: इंग्लैंड पर भारत की रोमांचक जीत, 15वें ICC फाइनल में पहुंचकर तोड़ा ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड
यह पूरा पल इतना प्यारा और मजेदार था कि स्टेडियम में बैठे लोग भी हंस पड़े और कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फैंस इस क्लिप को “क्यूट और फनी मोमेंट” बता रहे हैं।
भारत ने रोमांचक मुकाबले में दर्ज की जीत
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन का बड़ा स्कोर बनाया। इस पारी में संजू सैमसन ने 89 रन और शिवम दुबे ने 43 रन की अहम पारियां खेलीं।
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की ओर से जैकब बेथेल ने शानदार 105 रन बनाए, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने अंत में शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को 246 रन पर रोक दिया। भारत ने यह मुकाबला 7 रन से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
अब न्यूजीलैंड से होगा फाइनल
टीम इंडिया अब 8 मार्च को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में न्यूजीलैंड से भिड़ेगी। भारतीय टीम की नजर अब अपने तीसरे टी20 वर्ल्ड कप खिताब पर टिकी है।

