रश्मिका मंदाना ने वायरल ऑडियो क्लिप को निजी बातचीत बताते हुए इसे प्राइवेसी का उल्लंघन कहा और 24 घंटे में कंटेंट हटाने की चेतावनी दी, नहीं हटाने पर कानूनी कार्रवाई की बात कही।
अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक कथित ऑडियो क्लिप को लेकर अपनी चुप्पी तोड़ी है। अभिनेत्री ने इस मामले को निजता का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा कि यह एक निजी बातचीत का हिस्सा है जिसे बिना अनुमति रिकॉर्ड कर प्रसारित किया गया है।
रश्मिका ने इंस्टाग्राम स्टोरी के माध्यम से जारी बयान में कहा कि यह ऑडियो क्लिप लगभग आठ साल पुरानी निजी बातचीत का हिस्सा प्रतीत होती है और इसे संदर्भ से हटाकर वायरल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से कुछ मीडिया प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया यूजर्स उनके खिलाफ गलत जानकारी और अफवाहों का अभियान चला रहे हैं।
आठ साल से चल रहा है विवाद और अफवाहें
रश्मिका ने कहा कि पिछले आठ वर्षों से उनके शब्दों को गलत संदर्भ में पेश किया गया और कई बार ऐसी बातें भी उनके नाम से फैलाई गईं जो उन्होंने कभी कही ही नहीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने धैर्य और चुप्पी बनाए रखी, क्योंकि सार्वजनिक जीवन में आलोचना होना सामान्य बात है।
also read : कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने रचाई शादी, सोहा अली खान समेत कई सितारे बने खास मेहमान
हालांकि, उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों में जो हुआ है वह सीमा से बाहर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
परिवार और करीबी लोगों को भी घसीटा गया
अभिनेत्री ने कहा कि इस क्लिप को वायरल करते समय कुछ लोगों ने उनके परिवार और उन लोगों को भी विवाद में घसीट लिया, जिनका इस मामले से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने इसे भ्रामक और मानहानिकारक सामग्री का प्रसार बताया।
24 घंटे का अल्टीमेटम, नहीं हटाने पर होगी कार्रवाई
रश्मिका मंदाना ने मीडिया प्लेटफॉर्म, इन्फ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे इस ऑडियो क्लिप और इससे जुड़े सभी कंटेंट को 24 घंटे के भीतर हटा दें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में कंटेंट नहीं हटाया गया, तो वे कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगी, जिसमें कानूनी नोटिस भेजना और संबंधित व्यक्तियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स तथा मीडिया संगठनों के खिलाफ कार्रवाई शामिल होगी।
गरिमा और निजता की रक्षा के लिए उठाया कदम
रश्मिका ने कहा कि सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बोलना उनके लिए आसान नहीं था, लेकिन अपनी गरिमा, निजता और मानसिक शांति की रक्षा के लिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।
उन्होंने अंत में कहा कि वे अपने काम और सकारात्मकता पर ध्यान देना चाहती हैं और उम्मीद करती हैं कि लोग उनकी निजता का सम्मान करेंगे।

