प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड में अपने सफर और बॉलीवुड में तनावपूर्ण रिश्तों को लेकर कहा कि वह मुश्किल हालात में खुद को बदलकर आगे बढ़ने में विश्वास रखती हैं।
बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी पहचान बना चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में अपने करियर के उस दौर के बारे में खुलकर बात की, जब उन्हें बॉलीवुड में कुछ रिश्तों के कारण मुश्किल हालात का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह ऐसे माहौल में रहना पसंद नहीं करतीं और इसी वजह से उन्होंने अपने लिए नए अवसर तलाशने का फैसला किया।
एक पॉडकास्ट इंटरव्यू के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि जब वह भारत में काम कर रही थीं, तब उन्हें महसूस होने लगा था कि उनके लिए अवसर सीमित होते जा रहे हैं। इसी कारण उन्होंने हॉलीवुड में अपनी किस्मत आजमाने का निर्णय लिया।
‘मुश्किल हालात में खुद को बदलना जरूरी’
प्रियंका ने कहा कि जिंदगी में हर किसी को चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन वह ऐसी परिस्थितियों में अटके रहना पसंद नहीं करतीं। उनके मुताबिक इंसान के पास खुद को संभालकर आगे बढ़ने की क्षमता होती है।
उन्होंने कहा कि जब जीवन कठिन हो जाता है, तो कुछ समय के लिए भावनाओं को महसूस करना जरूरी होता है, लेकिन उसके बाद खुद को संभालकर आगे बढ़ना चाहिए।
also read : कृतिका कामरा और गौरव कपूर ने रचाई शादी, सोहा अली खान समेत कई सितारे बने खास मेहमान
हॉलीवुड में शुरुआत आसान नहीं थी
प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि जब उन्होंने हॉलीवुड में कदम रखा, तब उनके सामने कोई स्पष्ट रास्ता नहीं था। भारतीय कलाकारों की मौजूदगी वहां बहुत कम थी, इसलिए उन्होंने खुद को नए तरीके से स्थापित करने का जोखिम उठाया।
उन्होंने कहा कि उन्हें केवल एक बात का भरोसा था—वह मेहनती हैं और अपने काम को पूरी ईमानदारी से करती हैं।
‘क्वांटिको’ से शुरू हुआ हॉलीवुड सफर
प्रियंका चोपड़ा ने 2015 में अमेरिकी टीवी सीरीज ‘क्वांटिको’ के जरिए हॉलीवुड में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘बेवॉच’, ‘लव अगेन’, ‘इज़ंट इट रोमांटिक’ और ‘सिटाडेल’ जैसी कई अंतरराष्ट्रीय परियोजनाओं में काम किया।
फिलहाल प्रियंका अपने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ अमेरिका में रहती हैं।
आने वाले प्रोजेक्ट्स
प्रियंका हाल ही में ‘द ब्लफ’ नामक फिल्म में नजर आई थीं। इसके अलावा वह जल्द ही ‘सिटाडेल’ के दूसरे सीजन में दिखाई देंगी।
वहीं भारतीय सिनेमा में भी उनकी वापसी की तैयारी है। वह निर्देशक एस.एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ में अभिनेता महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ नजर आएंगी, जो संक्रीांति 2027 पर रिलीज होने की उम्मीद है।

