बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अपने 29वें जन्मदिन पर आंध्र प्रदेश के तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर में 3550 सीढ़ियां नंगे पैर चढ़कर भगवान बालाजी के दर्शन किए।
बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने अपने 29वें जन्मदिन की शुरुआत आध्यात्मिक अंदाज में की। अभिनेत्री आंध्र प्रदेश स्थित तिरुमला वेंकटेश्वर मंदिर (तिरुपति बालाजी) पहुंचीं और भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन करने के लिए 3,550 सीढ़ियां नंगे पैर चढ़ीं।
जाह्नवी कपूर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पारंपरिक परिधान में मंदिर की सीढ़ियां चढ़ती नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने फ्लोरल सफेद कुर्ता पहना था और बालों को साधारण चोटी में बांधा हुआ था। उनके पारंपरिक लुक को फैंस काफी पसंद कर रहे हैं।
9 से 12 किलोमीटर की कठिन चढ़ाई
तिरुमला मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब 3,550 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जो लगभग 9 से 12 किलोमीटर के बराबर मानी जाती हैं। आमतौर पर इस यात्रा को पूरा करने में 4 से 5 घंटे का समय लगता है। जाह्नवी कपूर ने यह पूरी चढ़ाई नंगे पैर तय कर भगवान बालाजी के दर्शन किए।
इस बार उनकी यात्रा में उनके कथित बॉयफ्रेंड शिखर पहाड़िया नजर नहीं आए, लेकिन अभिनेत्री अपने कुछ दोस्तों के साथ मंदिर पहुंचीं।
also read : UK07 Rider विवाद: अनुराग डोभाल के ‘मौत के जिम्मेदार’ व्लॉग पर भाई कलाम डोभाल का पलटवार, सबूत साझा कर लगाए गंभीर आरोप
फैंस ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद फैंस ने अभिनेत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कई लोगों ने उनके पारंपरिक लुक की तारीफ की, जबकि कुछ प्रशंसकों ने उन्हें देखकर दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की याद आने की बात कही।
आध्यात्मिकता से गहरा जुड़ाव
जाह्नवी कपूर कई बार बता चुकी हैं कि पिछले कुछ वर्षों में उनका झुकाव आध्यात्मिकता की ओर काफी बढ़ा है। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि उन्हें भगवान बालाजी में विशेष आस्था है और जब भी उन्हें अंदर से बुलावा महसूस होता है, वह तिरुपति जाकर दर्शन करती हैं। अभिनेत्री अक्सर अपनी मां श्रीदेवी की जयंती और अपने जन्मदिन के मौके पर तिरुपति बालाजी मंदिर जाती रही हैं।
फिल्मों में व्यस्त हैं जाह्नवी कपूर
वर्क फ्रंट की बात करें तो 2025 में जाह्नवी कपूर की तीन फिल्में रिलीज हुईं — होमबाउंड, परम सुंदरी और सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी।
अब अभिनेत्री जल्द ही तेलुगु फिल्म ‘पेड्डी’ (Peddi) में सुपरस्टार राम चरण के साथ नजर आएंगी। यह फिल्म निर्देशक बुच्ची बाबू सना के निर्देशन में बनी एक स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा है, जो 30 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। जन्मदिन के इस खास मौके पर फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग जाह्नवी कपूर को शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स के लिए सफलता की कामना कर रहे हैं।

