हरियाणा सरकार और IRCTC के बीच समझौते के तहत ‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ में अब वरिष्ठ नागरिकों को ट्रेन से अयोध्या, वाराणसी, वैष्णो देवी समेत कई तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जाएंगे।
हरियाणा सरकार ने प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए बड़ी पहल करते हुए ‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत अब ट्रेन के माध्यम से विभिन्न तीर्थ स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाने का निर्णय लिया है। इसके लिए हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी (इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन) के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
सरकार की ओर से सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग तथा आईआरसीटीसी की ओर से सर्कल रिजनल मैनेजर हरजोत सिंह संधू ने इस समझौते पर हस्ताक्षर किए।
महानिदेशक पांडुरंग ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न पवित्र स्थलों के दर्शन करवाने के लिए यह योजना शुरू की गई है। अब तक हरियाणा परिवहन विभाग की वोल्वो बसों के माध्यम से हजारों बुजुर्गों को अयोध्या सहित कई धार्मिक स्थलों के निशुल्क दर्शन करवाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश पर श्रद्धालुओं को ट्रेन के जरिए भी तीर्थ स्थलों तक ले जाने की योजना बनाई गई है। इसी के तहत हरियाणा सरकार और आईआरसीटीसी के बीच यह समझौता किया गया है।
also read : हरियाणा कर्मचारियों-पेंशनरों को बड़ी राहत: पंजाब के 4 सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में मिलेगा इलाज
इन प्रमुख तीर्थ स्थलों की करवाई जाएगी यात्रा
इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या, वाराणसी, पटना साहिब, नांदेड़ साहिब, पुष्कर, वैष्णो देवी, शिरडी और शनि शिंगणापुर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में अन्य तीर्थ स्थलों को भी इस योजना में शामिल किया जा सकता है।
खाने-पीने और ठहरने की होगी मुफ्त व्यवस्था
सरकार के अनुसार एक ट्रेन में 11 कोच होंगे, जिनमें से 10 कोच श्रद्धालुओं के लिए और एक कोच सर्विंग स्टाफ के लिए होगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए खाने-पीने की व्यवस्था, रेलवे स्टेशन से तीर्थ स्थल तक बस सुविधा और ठहरने की व्यवस्था भी हरियाणा सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी।
क्या है मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना
‘हरियाणा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिक, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये से कम है, उन्हें राज्य सरकार द्वारा निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाती है। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल पर पंजीकरण करना होता है।
सरकार का कहना है कि इस योजना का उद्देश्य प्रदेश के बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर देना और उनकी आस्था का सम्मान करना है।

