मुंबई की फैमिली कोर्ट ने अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल खतूरिया को आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी दी, एक्ट्रेस ने कोई गुजारा भत्ता नहीं मांगा।
अभिनेत्री हंसिका मोटवानी और बिजनेसमैन सोहेल खतूरिया का विवाह अब आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है। मुंबई के बांद्रा स्थित फैमिली कोर्ट ने दोनों को आपसी सहमति से तलाक की मंजूरी दे दी है।
अभिनेत्री के वकील अदनान शेख ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों ने अदालत में यह स्वीकार किया कि उनका विवाह अब आगे नहीं चल सकता और आपसी सहमति से इसे समाप्त करना ही बेहतर है।
आपसी सहमति से हुआ तलाक
वकील के अनुसार हंसिका मोटवानी ने पहले अपने पति से शांतिपूर्ण और सम्मानजनक तरीके से अलग होने की पहल की थी, जिसके बाद मामला अदालत में पहुंचा और आखिरकार तलाक का फैसला सुनाया गया।
उन्होंने बताया कि सोहेल खतूरिया ने भी अदालत में हलफनामा देकर विवाह समाप्त करने पर अपनी सहमति दर्ज कराई।
नहीं मांगा कोई गुजारा भत्ता
अदनान शेख ने यह भी स्पष्ट किया कि हंसिका मोटवानी ने अपने पूर्व पति से किसी प्रकार का एलिमनी या मेंटेनेंस (गुजारा भत्ता) नहीं मांगा। उनका उद्देश्य केवल इस रिश्ते को सम्मानजनक तरीके से समाप्त करना था।
also read : 26/11 हमलों पर बनेगी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’, कंगना रनौत निभाएंगी नर्स की भूमिका
2022 में हुई थी भव्य शादी
हंसिका मोटवानी और सोहेल खतूरिया की शादी 4 दिसंबर 2022 को राजस्थान के मुंडोटा फोर्ट एंड पैलेस में बेहद भव्य समारोह में हुई थी। उस समय इस शादी ने सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
शादी से पहले नवंबर 2022 में सोहेल खतूरिया ने पेरिस के एफिल टॉवर के सामने हंसिका को प्रपोज किया था। हंसिका ने उस समय सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा था – “Now and Forever”।
पिछले साल से चल रही थीं अलग होने की चर्चाएं
पिछले साल अगस्त में सोशल मीडिया पर दोनों के अलग रहने की खबरें सामने आने लगी थीं। इसके बाद हंसिका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी की कई तस्वीरें भी हटा दी थीं, जिससे तलाक की अटकलें और तेज हो गई थीं।
हालांकि इस पूरे मामले पर हंसिका मोटवानी ने अभी तक सार्वजनिक रूप से कोई बयान नहीं दिया है। फिलहाल वह अपने करियर और आने वाले प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रही हैं।

