हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने पंचकूला नागरिक अस्पताल का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई और बिना कारण बाहर की दवा लिखने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पंचकूला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई अहम निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की इमरजेंसी, लेबर रूम, एनआईसीयू, ओपीडी, आईसीयू, ईएनटी और ऑर्थोपेडिक विभाग सहित कई वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से इलाज, दवाइयों और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। अधिकांश मरीजों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के व्यवहार तथा सेवाओं पर संतोष जताया।
जनऔषधि केंद्र का भी किया निरीक्षण
आरती सिंह राव ने अस्पताल में संचालित प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के तहत जनऔषधि केंद्र का भी निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अपने स्टाफ को विभिन्न काउंटरों पर भेजकर दवाइयों की उपलब्धता की जांच करने के निर्देश दिए।
सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल की सफाई व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर संतुष्ट नजर नहीं आईं। उन्होंने पाया कि अस्पताल में 16 से 17 सफाई कर्मचारी तैनात होने के बावजूद उनकी ड्यूटी और कार्यस्थल का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इस पर उन्होंने अधिकारियों को तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों में साफ-सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और इसे बेहतर बनाने के लिए पीपीपी मॉडल पर भी विचार किया जा सकता है।
also read : हरियाणा कर्मचारियों-पेंशनरों को बड़ी राहत: पंजाब के 4 सुपर स्पेशियलिटी अस्पतालों में मिलेगा इलाज
बाहर की दवा लिखने पर सख्त रुख
निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों ने शिकायत की कि उन्हें अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखी जा रही हैं। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीन डॉक्टरों को तलब किया और अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपलब्ध दवाइयां मरीजों को अस्पताल से ही दी जाएं।
उन्होंने कहा कि बिना उचित कारण मरीजों को बाहर से दवा लिखना बिल्कुल स्वीकार नहीं किया जाएगा और इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिला सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
स्वास्थ्य मंत्री ने महिला वार्ड की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और कहा कि महिला मरीजों की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए।
अस्पताल भवन की समस्याओं पर निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुछ वार्डों में छत से पानी टपकने की शिकायत भी सामने आई। इस पर उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग से समन्वय कर जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा और अस्पताल की नई इमारत में जल्द सेवाएं शुरू करने के निर्देश भी दिए।
आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, साफ-सफाई और विशेष रूप से महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की यह नैतिक जिम्मेदारी है कि वे मरीजों की जांच और उपचार पूरी ईमानदारी से करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

