अंबाला छावनी के शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन को मंजूरी मिलने पर क्षेत्रवासियों ने ऊर्जा मंत्री अनिल विज का आभार जताया, परियोजना पर करीब 11.65 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज के प्रयासों से अंबाला छावनी के शाहपुर गांव में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन को स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने उनका आभार व्यक्त किया है।
रविवार को मार्केट कमेटी चेयरमैन बलविंद्र सिंह शाहपुर, राजीव अरोड़ा, राजबीर सिंह, बलकार सिंह, हरनेक सिंह, वरिंद्र सिंह, गुरिंद्र सिंह, बब्लू राणा और तेजपाल सिंह सहित कई स्थानीय लोग मंत्री अनिल विज के आवास पर पहुंचे और उन्हें धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री अनिल विज के प्रयासों से क्षेत्र को एक बड़ी सौगात मिली है। ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन की स्थापना से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
also read : गुरुग्राम में SPR पर बनेगा 4.2 किमी सिग्नल-फ्री एलिवेटेड कॉरिडोर, GMDA ने ₹755 करोड़ का टेंडर जारी किया
स्थानीय प्रतिनिधियों ने बताया कि इस संस्थान के माध्यम से आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को ड्राइविंग और वाहन तकनीक से जुड़ा प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे वे अधिक कौशलयुक्त बन सकेंगे और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, शाहपुर की 13 एकड़ 5 कनाल 4 मरला भूमि पर इस परियोजना को विकसित किया जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 11.65 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान और ऑटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन के शुरू होने के बाद हर सप्ताह करीब 300 वाहनों की फिटनेस जांच की जा सकेगी। इससे न केवल सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा बल्कि परिवहन व्यवस्था को भी अधिक सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस परियोजना से अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों में कौशल विकास, रोजगार और परिवहन सुविधाओं को मजबूती मिलेगी, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी।

