यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल के वायरल ‘मौत के जिम्मेदार’ व्लॉग के बाद उनके भाई कलाम डोभाल ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए सबूत साझा कर कई आरोप लगाए।
लोकप्रिय यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के पूर्व कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल (UK07 Rider) इन दिनों अपने एक वायरल व्लॉग को लेकर चर्चा में हैं। इस वीडियो में उन्होंने अपने परिवार और निजी जीवन से जुड़े कई गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर यह मामला तेजी से वायरल हो गया। हालांकि अब इस विवाद में नया मोड़ तब आया जब अनुराग के भाई कलाम डोभाल ने सामने आकर उनके आरोपों पर प्रतिक्रिया दी और कुछ कथित सबूत भी साझा किए।
कलाम डोभाल का जवाब
कलाम डोभाल ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि अनुराग ने यह सब सिर्फ व्यूज़ और पब्लिसिटी पाने के लिए किया है। उन्होंने कुछ स्क्रीनशॉट साझा करते हुए आरोप लगाया कि अनुराग ने अपनी पत्नी ऋतिका चौहान के साथ दुर्व्यवहार किया था।
कलाम के अनुसार साझा किए गए चैट स्क्रीनशॉट में अनुराग एक करीबी दोस्त के साथ बातचीत में यह स्वीकार करते नजर आ रहे हैं कि उन्होंने ऋतिका पर हाथ उठाया था। पोस्ट में कलाम ने लिखा कि वह व्लॉगर नहीं हैं, इसलिए सच सामने लाने के लिए यह सबूत सार्वजनिक कर रहे हैं।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “Posting proofs here kyunki I am not a vlogger. Sab sunke bhi if you still support him, umm I think you need some maturity.”
‘व्यूज़ के लिए किया व्लॉग’ का आरोप
एक अन्य पोस्ट में कलाम ने कहा कि उन्होंने सभी सबूत अपने ब्रॉडकास्ट चैनल पर साझा कर दिए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनुराग अक्सर सोशल मीडिया पर ध्यान आकर्षित करने के लिए इस तरह के विवाद पैदा करते हैं। कलाम ने दावा किया कि अनुराग ने पहले उनके माता-पिता और परिवार के खिलाफ फर्जी केस भी दर्ज कराया था, जिसे वह कानूनी रूप से हार गए। इसके बाद ही उन्होंने यह विवादित वीडियो पोस्ट किया। उन्होंने यह भी कहा कि अनुराग की पत्नी ऋतिका चौहान ने भी उनके व्यवहार के कारण उनसे दूरी बना ली है।
also read : प्रीति जिंटा ने मुंबई के पाली हिल स्थित फ्लैट को 18.5 करोड़ रुपये में बेचा, चार महीनों में दूसरी प्रॉपर्टी डील
पुराना वीडियो भी किया साझा
कलाम डोभाल ने एक पुराना वीडियो भी साझा किया, जिसमें अनुराग और ऋतिका उन्हें उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देते नजर आ रहे हैं। कलाम ने कहा कि अब उनके भाई ने सिर्फ व्यूज़ के लिए पूरी कहानी बदल दी है।
क्या है अनुराग डोभाल का वायरल वीडियो
इस पूरे विवाद की शुरुआत अनुराग डोभाल के उस व्लॉग से हुई, जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर उनके साथ कुछ भी होता है तो इसके लिए उनके माता-पिता, भाई कलाम और श्रेया जिम्मेदार होंगे।
वीडियो में उन्होंने कहा कि वह काफी मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहे हैं। अनुराग ने भावुक अंदाज में कहा, “मेरे मौत के जिम्मेदार मम्मी, पापा, कलाम और श्रेया होंगे। मैं बहुत डिप्रेशन में हूं और बस सोना चाहता हूं।”
इस वीडियो के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता बढ़ गई और सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई। फिलहाल यह विवाद लगातार सुर्खियों में बना हुआ है और दोनों पक्षों के बयान सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर चर्चा और भी तेज हो गई है।

