सोशल मीडिया पर विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना का कथित वेडिंग इनवाइट वायरल हो रहा है, जिसमें 26 फरवरी की शादी और 4 मार्च को हैदराबाद में रिसेप्शन का जिक्र है। दोनों ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
तेलुगु सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना को लेकर एक बार फिर शादी की अफवाहें तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर दोनों का एक कथित वेडिंग इनवाइट वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि यह स्टार जोड़ी 26 फरवरी को शादी के बंधन में बंधने जा रही है। हालांकि, अब तक न तो विजय और न ही रश्मिका ने इन खबरों की कोई आधिकारिक पुष्टि की है।
रेडिट और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर किए जा रहे स्क्रीनशॉट्स के मुताबिक, यह इनवाइट एक लंबे लेटर-फॉर्मेट में है, जिसके हेडर में ‘VD – Vijay Deverakonda’ लिखा हुआ बताया जा रहा है। इस कथित पत्र में शादी की तारीख 26 फरवरी बताई गई है और इसे एक “इंटिमेट सेरेमनी” के तौर पर वर्णित किया गया है। हालांकि, शादी के वेन्यू की जानकारी इसमें नहीं दी गई है।
इसी पत्र में यह भी जिक्र है कि शादी के बाद 4 मार्च को हैदराबाद के ताज कृष्णा, बंजारा हिल्स में रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। यह होटल शहर के लग्जरी वेन्यूज़ में से एक माना जाता है। फिलहाल, इस इनवाइट की प्रामाणिकता को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
विजय और रश्मिका के रिश्ते को लेकर अटकलें पिछले कई वर्षों से लगाई जा रही हैं। दोनों को कई बार साथ देखा गया है और सोशल मीडिया पर भी इनके नाम अक्सर जोड़े जाते रहे हैं, लेकिन दोनों ने कभी खुलकर अपने रिश्ते पर मुहर नहीं लगाई। अक्टूबर 2025 में रश्मिका की कुछ तस्वीरों में उनके हाथ की रिंग फिंगर पर डायमंड रिंग देखी गई थी, वहीं उसी समय विजय भी एक इवेंट में रिंग पहने नजर आए थे, जिससे चर्चाएं और तेज हो गई थीं।
इसके अलावा, एक इवेंट में विजय का रश्मिका के हाथ को चूमते हुए वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसे कई लोगों ने उनके रिश्ते की ओर इशारा माना। इसके बावजूद दोनों कलाकारों ने सगाई या शादी को लेकर चुप्पी बनाए रखी है।
वर्क फ्रंट की बात करें तो विजय और रश्मिका पहले ‘गीता गोविंदम’ और ‘डियर कॉमरेड’ में साथ नजर आ चुके हैं। अब दोनों एक बार फिर पीरियड ड्रामा फिल्म ‘राणाबली’ में साथ दिखाई देने वाले हैं, जिसमें उन्हें नए अवतार में देखा जाएगा।
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कथित वेडिंग इनवाइट ने फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वाकई 26 फरवरी को यह स्टार कपल शादी करने जा रहा है या यह सिर्फ एक और अफवाह साबित होगी।


