चंडीगढ़ — हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षकों की ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया का शेड्यूल जल्द से जल्द जारी किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण से संबंधित सभी चरण पारदर्शी तरीके से और समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएँ, जिससे शिक्षकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए अध्यापन कार्य में किसी प्रकार की उदासीनता या लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी शिक्षक में शिक्षण कार्य के प्रति लापरवाही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में शिक्षण गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि बच्चों की सीखने की क्षमता और परिणामों में लगातार सुधार हो सके।
शिक्षा विभाग द्वारा जल्द जारी होने वाला ट्रांसफर शेड्यूल हजारों शिक्षकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो लंबे समय से ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव का इंतजार कर रहे हैं।


