जयपुर नगर निगम चुनाव नतीजे 2026: जयपुर के 150 वार्डों की मतगणना जारी, BJP-कांग्रेस में मुकाबला; 21 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव।
जयपुर नगर निगम चुनाव नतीजे 2026: जयपुर नगर निगम चुनाव के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। 150 वार्डों के लिए हुए मतदान की गिनती 14 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रत्याशियों के साथ-साथ समर्थक भी शुरुआती रुझानों पर नजर बनाए हुए हैं।
जयपुर में इस बार भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कई वार्डों में दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के बीच सीधी टक्कर है, जबकि निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की वजह से कुछ सीटों पर मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
150 वार्डों में 723 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला
जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों के चुनाव में कुल 723 प्रत्याशी मैदान में उतरे हैं। इनमें बड़ी संख्या निर्दलीय और बागी उम्मीदवारों की है। करीब 368 निर्दलीय एवं बागी प्रत्याशियों की मौजूदगी ने कई वार्डों में मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
अब मतगणना के बाद यह स्पष्ट होगा कि जयपुर नगर निगम में किस राजनीतिक दल को सबसे ज्यादा सीटें मिलती हैं और कौन-से उम्मीदवार पार्षद के तौर पर जीत दर्ज करते हैं।
24 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने किया मतदान
जयपुर नगर निगम चुनाव में करीब 24.33 लाख मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से लगभग 63.55 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। आंकड़ों के मुताबिक करीब 15.46 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
मतदान प्रतिशत के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि मतदाताओं का समर्थन किस पार्टी और उम्मीदवार के पक्ष में जाता है।
also read: राजस्थान निकाय चुनाव 2026: BJP की बड़ी जीत, कांग्रेस ने वसुंधरा राजे के…
BJP और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
जयपुर के कई वार्डों में BJP और कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने हैं। हालांकि, बागी प्रत्याशियों और निर्दलीय उम्मीदवारों की वजह से कुछ सीटों पर दोनों प्रमुख दलों के लिए चुनौती बढ़ गई है। इन चुनावों के नतीजे सिर्फ वार्ड स्तर पर जीत-हार तय नहीं करेंगे, बल्कि जयपुर नगर निगम में सत्ता का समीकरण भी निर्धारित करेंगे।
21 सितंबर को होगा मेयर का चुनाव
पार्षदों के चुनाव परिणाम आने के बाद जयपुर में मेयर पद को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो जाएंगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 21 सितंबर को मेयर का चुनाव कराया जाएगा।
इसके अगले दिन यानी 22 सितंबर को उप-महापौर का चुनाव होगा। ऐसे में आज आने वाले पार्षदों के नतीजे मेयर पद की पूरी तस्वीर समझने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।
किस पार्टी को मिलेगी नगर सरकार की कमान?
150 वार्डों के नतीजों से जयपुर नगर निगम में बहुमत का आंकड़ा और राजनीतिक समीकरण साफ होंगे। BJP, कांग्रेस के अलावा निर्दलीय और बागी प्रत्याशियों के प्रदर्शन पर भी सभी की नजर है।

