कुरुक्षेत्र, हरियाणा—अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अवसर पर ब्रह्मसरोवर तट पर मानव सेवा की अनूठी मिसाल पेश की जा रही है। यूथ ब्लड डोनेशन सोसाइटी और देवी अहिल्याबाई होल्कर अनुसंधान विकास केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित 21 दिवसीय रक्तदान एवं स्वास्थ्य कैंप में बड़ी संख्या में युवाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता दर्ज कर मानवता का संदेश प्रसारित किया है।
कैंप में प्रतिदिन रक्त संग्रह किया जा रहा है, जिसे जरूरतमंद मरीजों, आपात स्थितियों और थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों को उपलब्ध कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, महोत्सव के दौरान बढ़ती भीड़ और श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी से रक्तदान अभियान को विशेष समर्थन मिल रहा है।
यूथ ब्लड डोनेशन सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के महत्व से जोड़ना है, ताकि किसी भी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके। वहीं, स्वास्थ्य जांच शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा ब्लड प्रेशर, मधुमेह, हीमोग्लोबिन, तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किए जा रहे हैं।
कैंप आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे गीता महोत्सव के पावन अवसर पर मानवता की सेवा में भाग लें और इस अभियान को सफल बनाएं।


