नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2025 में हरियाणा पवेलियन ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति और स्वच्छता मानकों के लिए स्वच्छ मंडप श्रेणी में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ा सम्मान हासिल किया है। 14 दिनों तक चले इस भव्य मेले में देश-विदेश से आए लाखों दर्शकों ने हरियाणवी संस्कृति, तकनीकी नवाचार और राज्य के विकास मॉडल को करीब से देखा।
मेले में हरियाणा का एआई ताऊ, 11 पारंपरिक कारीगरों के लाइव डेमो, महिला स्वयंसहायता समूह (SHG) और 22 MSMEs के अभिनव स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र बने। हाथों से बने शिल्प, हरियाणवी खानपान, तकनीकी नवाचारों और आधुनिक औद्योगिक विकास की झलक ने आगंतुकों को खूब प्रभावित किया।
पवेलियन में अत्याधुनिक तकनीक के साथ स्वच्छता और प्रबंधन का बेहतरीन संयोजन देखने को मिला, जिसके आधार पर इसे गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह उपलब्धि हरियाणा के विकास, संस्कृति व नवाचार की सामूहिक प्रस्तुति का परिणाम है।
मेले में आए दर्शकों ने हरियाणा के पारंपरिक और आधुनिक स्वरूप के संतुलन की सराहना की और राज्य की इनोवेटिव पहल को प्रेरणादायक बताया।

