दिल्ली के निजामुद्दीन में हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ की स्कूटी पार्किंग विवाद में हत्या कर दी गई। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, पार्किंग विवाद के चलते हुई इस झगड़े में आसिफ की जान चली गई। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्किंग विवाद बना मौत की वजह
घटना गुरुवार देर रात की है, जब जंगपुरा भोगल बाजार लेन में आसिफ और उनके पड़ोसी के बीच स्कूटी हटाने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि जब आसिफ ने गेट के सामने खड़ी स्कूटी को हटाने के लिए कहा, तो पड़ोसी ने बहस शुरू कर दी और देखते ही देखते यह झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा।
धारदार हथियार से हमला
मृतक की पत्नी के अनुसार, पड़ोसी ने गाली-गलौज के बाद धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस जांच जारी
दिल्ली पुलिस ने इस हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पहले भी हो चुके थे विवाद
मृतक की पत्नी ने यह भी बताया कि इसी पड़ोसी से पहले भी पार्किंग को लेकर झगड़ा हो चुका था। आसिफ अपने काम से लौटे थे और जब उन्होंने स्कूटी हटाने को कहा, तो बात हाथापाई तक पहुंच गई और उनकी नृशंस हत्या कर दी गई।


