जानिए अखरोट खाने का सही समय और तरीका जिससे आपको इसके पोषक तत्वों का बेहतर लाभ मिले।
अखरोट को अक्सर सुपरफूड और ब्रेन फूड कहा जाता है, क्योंकि यह ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और पोषक तत्वों का खजाना है। दिल, दिमाग, ब्लड प्रेशर और गट हेल्थ के लिए यह बेहद फायदेमंद होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अखरोट खाने का सही समय और तरीका क्या होना चाहिए ताकि इसके फायदे अधिकतम मिलें? आइए, एक्सपर्ट्स की सलाह के साथ जानते हैं अखरोट खाने के बेहतरीन टाइम और तरीका।
अखरोट खाने का सबसे अच्छा समय
1. सुबह खाली पेट: दिल्ली की न्यूट्रिशन एक्सपर्ट नेहा बंसल के अनुसार, रात भर भिगोए हुए अखरोट को सुबह खाली पेट खाने से आपकी बॉडी उसमें मौजूद न्यूट्रिएंट्स को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाती है। इससे ऊर्जा मिलती है और दिनभर आप सक्रिय बने रहते हैं। अखरोट में पाए जाने वाले ओमेगा-3 फैटी एसिड्स और एंटीऑक्सीडेंट्स ब्रेन और हार्ट हेल्थ के लिए भी बहुत लाभकारी हैं।
2. शाम को स्नैक्स के तौर पर: शाम को हल्की भूख लगने पर अखरोट खाना एक स्मार्ट विकल्प है। यह पेट भरा महसूस कराता है और अनहेल्दी स्नैक्स खाने से बचाता है। अखरोट में मौजूद फाइबर पाचन को धीमा करता है और ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखता है।
3. रात को सोने से पहले: अखरोट में मेलाटोनिन होता है, जो नींद को नियंत्रित करने वाला हॉर्मोन है। अगर आपको नींद आने में परेशानी होती है तो सोने से एक घंटे पहले थोड़े से अखरोट खाने से अच्छी नींद आने में मदद मिल सकती है।
अखरोट खाने का सही तरीका
भिगोकर खाएं: अखरोट को रातभर पानी में भिगोने से इसमें मौजूद फाइटिक एसिड कम हो जाता है, जिससे इसके पोषक तत्व बेहतर तरीके से शरीर में अवशोषित होते हैं।
मात्रा का ध्यान रखें: दिन में 2 से 4 अखरोट की गिरी खाना पर्याप्त होता है। ज्यादा खाने से कैलोरी बढ़ सकती है।
किसके साथ खाएं: अखरोट को सीधे खाएं या दही, ओटमील, स्मूदी में मिलाकर भी ले सकते हैं।


