दिशा वकानी यानी दयाबेन की वापसी को लेकर असित मोदी ने बड़ा बयान दिया। जानिए क्यों अभी तक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में नहीं दिखेगी दयाबेन और शो कैसे बना हुआ है नंबर वन।
लोकप्रिय टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) दर्शकों के बीच पिछले कई हफ्तों से टीआरपी में नंबर वन बना हुआ है। शो में हाल ही में भूतनी की कहानी ने दर्शकों को खूब एंटरटेन किया, और अब कहानी जेठालाल के इर्द-गिर्द घूम रही है। लेकिन शो के फैंस आज भी सबसे ज्यादा याद करते हैं दयाबेन को, जिन्हें दिशा वकानी ने निभाया था। फैंस लगातार शो के मेकर्स से दयाबेन की वापसी का इंतजार कर रहे हैं।
दयाबेन की वापसी पर क्या कहा असित मोदी ने?
‘तारक मेहता’ के प्रोड्यूसर असित मोदी ने बातचीत में दयाबेन की वापसी को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “दर्शक लगातार पूछते हैं कि दयाबेन कब वापिस आएंगी। दिशा वकानी ने जो छाप छोड़ी है, वह इतनी गहरी है कि 8 साल बाद भी लोग उन्हें याद करते हैं। उनका किरदार आज भी लोगों के दिलों में जिंदा है। पर दयाबेन को वापस लाना इतना आसान नहीं है। इसके लिए सही समय और परिस्थितियां जरूरी हैं। फिलहाल हमारा फोकस कहानी पर है, क्योंकि जब कहानी दमदार होती है तो दर्शक अपने आप ही उससे जुड़ जाते हैं। किसी एक किरदार की गैरमौजूदगी दर्शकों को ज्यादा प्रभावित नहीं करती।”

शो के नंबर वन बनने पर असित मोदी ने क्या कहा?
असित मोदी ने आगे बताया, “हम बहुत खुश हैं कि इतने लंबे समय के बाद भी हमारा शो डेली सोप्स में नंबर वन बना हुआ है। यह शो आम आदमी की जिंदगी के हल्के-फुल्के पल दिखाता है, जिनसे लोग आसानी से जुड़ पाते हैं। सालों से हमारा दर्शकों के साथ कनेक्शन मजबूत है और हम कोशिश करते हैं कि दिलचस्प कंटेंट पेश करें।”
दयाबेन के बिना भी टिक रहा है शो
दयाबेन के न होने के बावजूद, ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ अपनी मज़ेदार कहानी और दमदार किरदारों के दम पर फैंस के दिलों पर राज कर रहा है। फिलहाल मेकर्स फोकस कर रहे हैं नए प्लॉट्स और किरदारों पर, ताकि शो की लोकप्रियता बरकरार रहे।
Also Read:https://hindinewslive.in/karan-johar-saiyaara-troll-reply/


