गुरुग्राम के सिधरावली हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों को केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने 20-20 लाख रुपये की सहायता दी, बीओसी फंड और वर्कमेन एक्ट से कुल मदद 40 लाख तक होगी।
गुरुग्राम के सिधरावली गांव में सिग्नेचर ग्लोबल की निर्माणाधीन साइट पर हुए हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुग्राम पहुंचकर मृतकों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये के चेक सौंपे। इसके साथ ही प्रत्येक परिवार को यात्रा खर्च के लिए 20-20 हजार रुपये भी दिए गए।
केंद्रीय मंत्री ने गुरुवार को गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुखद घड़ी में सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
कुल 40 लाख रुपये तक मिलेगी सहायता
गुरुग्राम के उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि मृतक श्रमिकों के परिवारों को दी गई 20 लाख रुपये की सहायता के अतिरिक्त हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (BOC) कल्याण फंड से 4 लाख रुपये तथा वर्कमेन कंपनसेशन एक्ट के तहत 15 लाख रुपये से अधिक की अतिरिक्त सहायता भी प्रदान की जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक परिवार को कुल मिलाकर लगभग 40 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी।
also read : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कैथल में शोक जताया, कई नेताओं के परिजनों के निधन पर दी श्रद्धांजलि
9 मार्च को हुआ था दर्दनाक हादसा
गौरतलब है कि 9 मार्च की शाम गुरुग्राम जिले के सिधरावली गांव में सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी की निर्माणाधीन साइट पर अचानक मिट्टी खिसकने से बड़ा हादसा हो गया था। इस दुर्घटना में झारखंड के छह श्रमिक और राजस्थान के एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य मजदूर घायल हो गए।
मृतकों में शिवशंकर, परमेश्वर महतो, मंगल महतो, भागीरथ गोपे, संजीव गोपे, धनंजय गोपे (झारखंड निवासी) और सतीश (राजस्थान निवासी) शामिल हैं।
हादसे के बाद कार्रवाई
हादसे के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रोजेक्ट मैनेजर दिनेश वीर और स्ट्रक्चर इंजीनियर विकास पांडेय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
मुख्यमंत्री का जताया आभार
केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि उन्होंने हादसे के संबंध में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत की थी। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। केंद्रीय मंत्री ने पीड़ित परिवारों की संवेदनशीलता के साथ मदद करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।
इस दौरान गुरुग्राम पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा, श्रम विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

