हरियाणा के राज्य मंत्री राजेश नागर ने कहा कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG की सप्लाई सामान्य है, अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
हरियाणा के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और आम जनता को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में बने युद्ध जैसे हालातों को लेकर कुछ शरारती तत्व अफवाहें फैला रहे हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
राज्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार के पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा 9 मार्च 2026 को जारी निर्देशों के अनुसार घरेलू गैस की आपूर्ति, समान वितरण और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।
तेल कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक
राजेश नागर ने बताया कि राज्य में प्रमुख तेल कंपनियों इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस की आपूर्ति निरंतर जारी है।
उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारी 24 घंटे निगरानी कर रहे हैं ताकि मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बना रहे और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति में अस्थायी बाधा
मंत्री ने बताया कि फिलहाल कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई में अस्थायी बाधा आई है, जो वैश्विक परिस्थितियों के कारण हुई है। हालांकि तेल कंपनियां स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। प्राथमिकता के आधार पर कमर्शियल सिलेंडर शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
also read : गुरुग्राम सिधरावली हादसा: मृत श्रमिकों के परिवारों को 20-20 लाख की सहायता, कुल मदद 40 लाख तक
कालाबाजारी पर सख्त निगरानी
राज्य मंत्री ने बताया कि सरकार ने चोरी, कालाबाजारी और अनधिकृत वितरण को रोकने के लिए सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को सख्त निर्देश दिए हैं। इसके तहत विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और स्टॉक की दैनिक रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जा रही है।
इसके अलावा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1967 को सक्रिय रखा गया है, जहां लोग अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
राजेश नागर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे एलपीजी गैस या पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट में गैस सिलेंडर का भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो सकती है।
उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के सहयोग से हर घर तक रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

