रेवाड़ी की अनाज मंडियों में निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश नागर ने गेहूं खरीद में तेजी लाने के लिए दूसरी एजेंसी जोड़ने के निर्देश दिए।
हरियाणा में रबी सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सरकार लगातार सक्रिय नजर आ रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ने रेवाड़ी जिले की कोसली, बावल और रेवाड़ी अनाज मंडियों का दौरा कर खरीद व्यवस्था और सुविधाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने किसानों और आढ़तियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फसल खरीद के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं।
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार राज्य की सभी मंडियों में गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। किसानों की उपज का समय पर उठान सुनिश्चित करने के लिए हेल्प डेस्क, प्रवेश द्वार, बारदाने की उपलब्धता और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
also read : हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं पर सख्ती: दवाओं की रियल-टाइम मॉनिटरिंग, 24×7 लैब और जवाबदेही तय
निरीक्षण के दौरान अटल कैंटीन में किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई और इसे और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
रबी खरीद सीजन 2026-27 में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नई तकनीक का उपयोग भी किया जा रहा है। अब मंडियों में आने वाली गेहूं की फसल के साथ वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और फोटो कैप्चर किया जाएगा, जिससे खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
कोसली मंडी में व्यापारियों और किसानों ने बारदाने की कमी और एक ही एजेंसी द्वारा खरीद किए जाने की समस्या मंत्री के सामने रखी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए राजेश नागर ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर गेहूं खरीद के लिए दूसरी एजेंसी को भी शामिल करने के निर्देश दिए।
सरकार के इस कदम से उम्मीद है कि मंडियों में खरीद प्रक्रिया तेज होगी और किसानों व व्यापारियों को राहत मिलेगी।

