पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मीरपुर में खेले जाने वाले पहले वनडे में साहिबजादा फरहान, माज सदाकत और शामिल हुसैन समेत कई नए खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट टीम इन दिनों बांग्लादेश के दौरे पर है, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस सीरीज का पहला मुकाबला 11 मार्च को मीरपुर में खेला जाएगा। इस मैच में पाकिस्तान की टीम पूरी तरह नई नजर आ सकती है क्योंकि कई युवा खिलाड़ियों को वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू का मौका मिलने वाला है।
हालांकि पाकिस्तान ने अभी आधिकारिक तौर पर अपनी प्लेइंग इलेवन की घोषणा नहीं की है, लेकिन टीम के वनडे कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने प्री-मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ संकेत दिए हैं कि इस मुकाबले में कई नए खिलाड़ी टीम के लिए पहली बार मैदान में उतरेंगे।
टॉप ऑर्डर में तीन खिलाड़ियों का डेब्यू
शाहीन अफरीदी के अनुसार साहिबजादा फरहान, माज सदाकत और शामिल हुसैन बांग्लादेश के खिलाफ पहले वनडे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करेंगे। ये तीनों खिलाड़ी पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी करते नजर आएंगे।
बताया गया है कि साहिबजादा फरहान और माज सदाकत ओपनिंग करेंगे, जबकि शामिल हुसैन नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे, जहां आमतौर पर बाबर आजम खेलते हैं।
इन तीनों खिलाड़ियों के डेब्यू के साथ ही वे पाकिस्तान के लिए वनडे खेलने वाले 255वें, 256वें और 257वें खिलाड़ी बन जाएंगे।
also read : IPL 2026 से पहले सरफराज खान को आयुष म्हात्रे की खास सलाह, बोले- चेन्नई सुपर किंग्स में मिलता है परिवार जैसा माहौल
कप्तान को युवा खिलाड़ियों से बड़ी उम्मीद
पाकिस्तान के कप्तान शाहीन अफरीदी ने कहा कि उन्हें इन युवा खिलाड़ियों से काफी उम्मीदें हैं। खासकर साहिबजादा फरहान, जिन्होंने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था और टीम के लिए महत्वपूर्ण रन बनाए थे।
शाहीन अफरीदी का मानना है कि ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के दम पर भविष्य में पाकिस्तान क्रिकेट की मजबूत तिकड़ी बन सकते हैं।
मिडिल ऑर्डर में भी मिल सकता है नया चेहरा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान की टीम में ऑलराउंडर अब्दुल समद को भी मौका मिल सकता है। अगर उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है तो वह पाकिस्तान के लिए वनडे खेलने वाले 258वें खिलाड़ी बन जाएंगे।
बांग्लादेश की घरेलू परिस्थितियों में पाकिस्तान के लिए जीत हासिल करना आसान नहीं होगा। ऐसे में नई टीम के साथ उतर रही पाकिस्तान की नजर इस मुकाबले में मजबूत शुरुआत करने पर होगी।

