24 परगना में परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बंगाल में भ्रष्टाचार व भय से मुक्ति और विकास आधारित राजनीति की जरूरत पर जोर दिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले के कुल्पी में आयोजित परिवर्तन संकल्प यात्रा के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल की जनता अब स्वर्णिम और विकसित राज्य बनाने के लिए परिवर्तन का संकल्प ले चुकी है। उन्होंने कहा कि पारदर्शी शासन, जनकल्याणकारी योजनाएं और विकास आधारित राजनीति ही देश और राज्यों को आगे बढ़ा सकती है।
बंगाल अब परिवर्तन की राह पर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसभा में उमड़ी भीड़ यह संकेत देती है कि बंगाल अब तेज़ी से बदलाव की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि भ्रष्टाचार और भय से मुक्ति की आवाज है।
उन्होंने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भूमि स्वामी विवेकानंद, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और बंकिमचंद्र चटर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों की रही है, जिन्होंने देश को नई दिशा दी।
भ्रष्टाचार और बेरोजगारी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि बंगाल में किसान, मछुआरे और युवा आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और तुष्टिकरण की राजनीति बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और चक्रवातों से प्रभावित किसानों को भी पर्याप्त राहत नहीं मिल पाई और कई योजनाओं का पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया।
also read : गुरुग्राम सिधरावली हादसा: सिग्नेचर ग्लोबल प्रोजेक्ट में दीवार गिरने से 7 मजदूरों की मौत, जांच के लिए कमेटी गठित
आयुष्मान भारत का उदाहरण दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत हरियाणा में गरीब परिवारों को 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है और लाखों परिवार इसका लाभ उठा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में कई पात्र लोगों तक इस योजना का लाभ नहीं पहुंच पाया।
महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है और लाखों महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकास केंद्रित नीतियों से उद्योगों को बढ़ावा मिलता है और युवाओं को अपने राज्य में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं।
जनता से परिवर्तन का आह्वान
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश की जनता अब भ्रष्टाचार मुक्त शासन, पारदर्शिता और विकास की राजनीति चाहती है। उन्होंने लोगों से मजबूत और समृद्ध बंगाल के निर्माण में योगदान देने और परिवर्तन के इस अभियान को आगे बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने फूलों की वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया और परिवर्तन संकल्प यात्रा के प्रति समर्थन जताया।

