टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर महेंद्र सिंह धोनी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए टीम इंडिया और हेड कोच गौतम गंभीर को बधाई दी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टीम इंडिया और हेड कोच गौतम गंभीर के लिए खास संदेश साझा किया है। धोनी ने लंबे समय बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए भारतीय टीम को चैंपियन बनने पर बधाई दी।
भारत ने 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया।
धोनी की पोस्ट हुई वायरल
महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर टीम इंडिया, सपोर्ट स्टाफ और फैंस को बधाई देते हुए लिखा,
“अहमदाबाद में इतिहास रचा गया। टीम और सहयोगी स्टाफ के साथ-साथ दुनिया भर के भारतीय क्रिकेट फैंस को बहुत-बहुत बधाई। आप सभी को खेलते हुए देखकर बहुत खुशी हुई।”
धोनी की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई, क्योंकि वह आमतौर पर सोशल मीडिया पर कम ही एक्टिव रहते हैं।
गौतम गंभीर के लिए कही खास बात
धोनी ने हेड कोच गौतम गंभीर को भी मजाकिया अंदाज में बधाई दी। उन्होंने लिखा,
“कोच साहब, आपके चेहरे पर मुस्कान बहुत अच्छी लग रही है। इंटेंसिटी के साथ मुस्कान का कॉम्बिनेशन जानलेवा है, बहुत अच्छा किया।”
also read : T20 World Cup 2026 जीत के बाद हार्दिक पंड्या का खास जश्न, गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा संग वायरल हुआ रोमांटिक वीडियो
इसके अलावा धोनी ने टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा,
“बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही अच्छा है… चैंपियन बॉलर।”
VVIP बॉक्स में दिखे थे धोनी
फाइनल मुकाबले के दौरान महेंद्र सिंह धोनी को रोहित शर्मा और जय शाह के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम के VVIP बॉक्स में देखा गया था। मैच खत्म होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए अपनी खुशी जाहिर की।
शानदार रहा टीम इंडिया का सफर
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। टीम इंडिया ने ग्रुप स्टेज में लगातार चार मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई।
हालांकि सुपर-8 के पहले मैच में भारत को साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बाद टीम ने शानदार वापसी की। भारत ने जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और फिर इंग्लैंड को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
अंत में फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर भारत ने घरेलू जमीन पर टी20 वर्ल्ड कप जीतने का सपना भी पूरा कर लिया।

