गुरुग्राम के IMT मानेसर में हड़ताल के दौरान हिंसा और तोड़फोड़, पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर स्थिति को नियंत्रण में बताया।
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित आईएमटी मानेसर में हड़ताल के दौरान हालात उस समय बिगड़ गए जब कुछ अज्ञात तत्वों ने प्रदर्शन के बीच हिंसक रुख अपनाते हुए निजी कंपनी में तोड़फोड़ कर दी और सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हड़ताल के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी अचानक उग्र हो गए और कंपनी परिसर में घुसकर मशीनरी व अन्य संसाधनों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस द्वारा स्थिति को शांत करने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समझाइश दी गई, लेकिन उपद्रवी तत्वों ने पुलिस की बात नहीं मानी और उल्टा पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई निजी और सरकारी वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
also read : हरियाणा में न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने की अधिसूचना जारी, 35% तक वेतन वृद्धि; उद्योगों को तत्काल लागू करने के निर्देश
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर किया गया और हालात को नियंत्रण में लाया गया। गुरुग्राम पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना आईएमटी मानेसर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तोड़फोड़, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस पर हमला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की है।
एक सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति अब पूरी तरह शांतिपूर्ण तथा नियंत्रण में है। पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना दोबारा न हो।
प्रशासन ने श्रमिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे किसी भी शरारती तत्व के बहकावे में न आएं और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याओं का समाधान खोजें। साथ ही श्रमिकों से अपने-अपने कार्यस्थलों पर लौटकर नियमित रूप से कार्य करने का आग्रह किया गया है, ताकि औद्योगिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक आंदोलनों के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था की चुनौती को उजागर किया है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

