मिडिल ईस्ट संकट के कारण LPG सप्लाई को लेकर बढ़ी चिंता के बीच दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों में इंडक्शन कुकटॉप और उससे जुड़े बर्तनों की मांग तेजी से बढ़ी, कई जगह स्टॉक खत्म।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ऊर्जा संकट की खबरों के बीच भारत में एलपीजी गैस को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। गैस सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका के कारण अब उपभोक्ता तेजी से इंडक्शन कुकटॉप जैसे बिजली से चलने वाले विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं।
स्थिति यह है कि दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता जैसे बड़े शहरों में इंडक्शन कुकटॉप की मांग अचानक बढ़ गई है और कई जगह ये प्रोडक्ट बाजार से लगभग गायब हो गए हैं।
गैस संकट की आशंका से बढ़ी खरीदारी
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर तेल और प्राकृतिक गैस की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि सरकार ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि देश में एलपीजी की सप्लाई सामान्य है, लेकिन फिर भी उपभोक्ताओं में डर और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
also read : Amazon ने लॉन्च किया AI हेल्थ असिस्टेंट, मुंहासे से डायबिटीज तक 30 से ज्यादा बीमारियों पर देगा जानकारी
इसी वजह से कई लोग सुरक्षा के तौर पर अतिरिक्त गैस सिलेंडर भरवा कर रख रहे हैं और साथ ही इंडक्शन कुकटॉप खरीद रहे हैं ताकि गैस की कमी होने पर खाना पकाने में परेशानी न हो।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी आउट ऑफ स्टॉक
रिपोर्ट्स के अनुसार कई क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे Blinkit, Zepto और Swiggy Instamart पर इंडक्शन कुकटॉप्स “Sold Out” या “Unavailable” दिख रहे हैं।
वहीं Amazon और BigBasket जैसे बड़े ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी सीमित स्टॉक ही उपलब्ध है।
कीमतों में भी आई तेजी
बाजार में अचानक बढ़ी मांग के कारण इंडक्शन कुकटॉप की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। कुछ समय पहले तक 1,200 रुपये में मिलने वाले बजट मॉडल अब कई जगह उपलब्ध नहीं हैं, जबकि 3,000 रुपये से अधिक कीमत वाले मॉडल ही खरीदने के लिए बचे हैं।
इंडक्शन के बर्तनों की मांग भी बढ़ी
इंडक्शन कुकटॉप के साथ विशेष प्रकार के बर्तनों की जरूरत होती है। ऐसे में बाजार में इंडक्शन-सपोर्टेड कुकवेयर की मांग भी तेजी से बढ़ गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर ऊर्जा संकट की आशंका और अफवाहें जारी रहीं, तो आने वाले दिनों में इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरणों की मांग और बढ़ सकती है।

