मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद में विकास रैली के दौरान ऑडिटोरियम, सड़क, अस्पताल, बिजली और ग्रामीण योजनाओं सहित करोड़ों की परियोजनाओं की घोषणा की।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जींद विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई दिशा देने के लिए करोड़ों रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी है। रविवार को आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, परिवहन और शहरी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी और इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये का अतिरिक्त अनुदान देने की भी घोषणा की।
रैली के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए बताया कि सिविल अस्पताल से पांडू पिंडारा-गोहाना रोड तक 4.5 करोड़ रुपये की लागत से डिवाइडर बनाया जाएगा। इसके साथ ही ठंडी हलवाई से रामराय गेट, झांज गेट और रूपया चौक तक मॉडल सड़क का निर्माण किया जाएगा।
जींद शहर के प्रमुख स्थल रानी तालाब पर 60 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ऑडिटोरियम और पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी, जिससे सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। मुख्यमंत्री ने शहरी सुविधाओं के विस्तार के तहत फायर स्टेशन को पुराने बस स्टैंड से स्थानांतरित करने और पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार के रूप में विकसित करने की भी घोषणा की। शहर की सड़कों पर आधुनिक पोल और एलईडी लाइटें लगाने की योजना भी सामने रखी गई।
उन्होंने बताया कि पुराने बस स्टैंड की जमीन पर संबंधित विभाग के स्थानांतरण के बाद कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा। वहीं, मीट मार्केट को शहर से बाहर स्थानांतरित करने के लिए 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
also read : दक्षिणी हरियाणा की पहचान अमर शहीदों से: आरती सिंह राव ने भांडोर में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का किया अनावरण
ग्रामीण विकास को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने जुलानी और अमरहेड़ी में पशु अस्पतालों के निर्माण, वार्ड-30 में पार्क बनाने और हैबतपुर गांव को म्हारा गांव जगमग गांव योजना से जोड़ने की घोषणा की।
बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए शिव चौक से पंजाबी बाजार होते हुए सिटी थाना क्षेत्र तक बिजली की लाइनों को 5 करोड़ रुपये की लागत से अंडरग्राउंड किया जाएगा। साथ ही खेतों में बिजली आपूर्ति की लाइनों को भी दुरुस्त किया जाएगा।
स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में भी बड़े फैसले लेते हुए मुख्यमंत्री ने जींद में पैरामेडिकल कॉलेज स्थापित करने, अहीरका में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाने और नागरिक अस्पताल में शव गृह के पुनर्निर्माण की घोषणा की। राजकीय महाविद्यालय में आर्ट ब्लॉक का निर्माण भी किया जाएगा। इसके अलावा, एचएसवीपी कार्यालय भवन के निर्माण, नहर कॉलोनी के पुनर्निर्माण (10 करोड़ रुपये), विभिन्न गांवों में पुलों और तालाबों के सुधार, तथा पांडू पिंडारा तीर्थ के सौंदर्यकरण जैसे धार्मिक और सांस्कृतिक विकास कार्यों की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जींद रिंग रोड निर्माण के लिए एनएचएआई को प्रस्ताव भेजा जाएगा। साथ ही नई कॉलोनियों में सीवरेज लाइन और 10 एमएलडी एसटीपी प्लांट लगाया जाएगा। पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 5 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और कई गांवों में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के लिए मार्केटिंग बोर्ड और पीडब्ल्यूडी के तहत सैकड़ों किलोमीटर सड़कों का चौड़ीकरण, मरम्मत और विशेष सुधार कार्य किए जाएंगे। खेत-खलिहान योजना के तहत 25 किलोमीटर कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं जींद के समग्र विकास को गति देंगी और क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस करेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जींद हरियाणा के प्रमुख विकसित क्षेत्रों में शामिल होगा।

