हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रेवाड़ी के भांडोर गांव में शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण कर उनके बलिदान को देश की प्रेरणा बताया।
हरियाणा के दक्षिणी क्षेत्र की वीरता और देशभक्ति की परंपरा को एक बार फिर सम्मानित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रेवाड़ी जिले के गांव भांडोर में अमर शहीद कैलाश चंद की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने शहीदों के बलिदान को देश की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि दक्षिणी हरियाणा की पहचान ही वीर जवानों और उनके बलिदानों से है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शहीद केवल किसी एक परिवार या गांव के नहीं होते, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव होते हैं। इस क्षेत्र की मिट्टी में देशभक्ति रची-बसी है, जहां हर घर से सैनिक और हर गांव से शौर्य की गाथाएं निकलती हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने शहीद कैलाश चंद के बलिदान को याद करते हुए बताया कि वर्ष 1993 में छत्तीसगढ़ में चुनाव ड्यूटी के दौरान माओवादियों के साथ मुठभेड़ में उन्होंने वीरगति प्राप्त की थी। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।
also read : “VIP छोड़, भक्ति का रास्ता चुना! 3500 सीढ़ियां नंगे पैर चढ़कर तिरुमाला पहुंचीं जाह्नवी कपूर ❤️🙏”
उन्होंने शहीद की वीरांगना भतेरी देवी और उनके परिवारजनों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। साथ ही ग्रामीणों द्वारा रखी गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी अहम घोषणाएं की गईं। मंत्री ने बताया कि रेवाड़ी जिले के गांव माजरा में बन रहे एम्स में एमबीबीएस की 50 सीटों को मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही वहां ओपीडी सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं जल्द एम्स का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगी।
उन्होंने प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में आधुनिक मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं और सेवाओं में सुधार लाया जा रहा है। रोहतक पीजीआई में निरीक्षण के दौरान पाई गई लापरवाही पर अधिकारियों से जवाब-तलब भी किया गया है।
इस अवसर पर बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और लोगों ने शहीद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

